उत्तर प्रदेश: पुलिस के साथ मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, एक जख्मी…

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 05 Apr 2024 12:52 PM
उत्तर प्रदेश: पुलिस के साथ मुठभेड़ में चार बदमाश गिरफ्तार, एक जख्मी…
ऑडियो सुनें

गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में पुलिस ने शुक्रवार तड़के हुई मुठभेड़ में चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से 48 लाख रुपए कीमत की लूट की चीजें बरामद की। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ में जख्मी एक बदमाश को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि पिछले महीने पांच मार्च को कर्नलगंज कस्बे के गांधीनगर निवासी सर्राफा व्यापारी विश्वनाथ शाह की दुकान में दो बदमाश अचानक घुस आए और तमंचा दिखाकर 10 किलो चांदी, 600 ग्राम सोना और एक लाख 80 हजार रुपए की नकदी लूट कर भाग गए।

उन्होंने बताया कि लूट की सूचना पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और घटना की जांच के लिए पांच टीमों का गठन किया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस की टीमों ने सीसीटीवी फुटेज, अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाकर कार्रवाई करते हुए चार शातिर बदमाशों को चिन्हित किया।

उन्होंने बताया कि कर्नलगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में राघवेन्द्र पाण्डेय उर्फ राजा, सत्येन्द्र पाण्डेय उर्फ उदय पाण्डेय, सूरज पाण्डेय और फरहान अंसारी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अधिकारी ने बताया कि आरोपियों के कब्जे से 220 ग्राम आभूषण, दो लाख 22 हजार रुपये नकद, लूट के पैसों से खरीदी गयी एक कार सहित 48 लाख रुपये मूल्य की वस्तुएं बरामद की गईं।

उन्होंने बताया कि मुठभेड़ के दौरान पुलिस की गोली लगने से घायल हुए राघवेंद्र पांडेय को उपचार हेतु जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav