अरुणाचल में जीत ‘ऐतिहासिक’, लोगों ने यहां के लिए प्रधानमंत्री मोदी के योगदान का कर्ज चुकाया : खांडू

ईटानगर. अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने रविवार को विधानसभा चुनावों में भाजपा की भारी जीत को ”ऐतिहासिक” बताया और कहा कि चार जून को जब लोकसभा चुनाव के नतीजे घोषित होंगे तो यह लहर देश के अन्य हिस्सों में भी फैलेगी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) रविवार को लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश में सत्ता में लौटी और उसने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीटों पर जीत हासिल की जबकि विपक्षी कांग्रेस को करारी शिकस्त झेलनी पड़ी जिसे सिर्फ एक सीट मिली.

उन्होंने कहा, ”यह भाजपा और पूरे अरुणाचल प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है. अरुणाचल प्रदेश के लोगों ने घोषणा की है कि वे चाहते हैं कि भाजपा अगले पांच साल तक सत्ता में रहे.” खांडू ने ‘पीटीआई-वीडियो’ को बताया, “इस बार जनादेश 2019 से भी ज्यादा है. 2019 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 41 सीटें जीती थीं, जबकि इस बार हमने 46 सीटें जीती हैं.” राज्य में विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को वोटों की गिनती हुई. मुक्तो विधानसभा क्षेत्र से खांडू निर्विरोध विजयी हुए. भाजपा के नौ अन्य उम्मीदवारों ने भी निर्विरोध जीत दर्ज की.

खांडू ने कहा, “राज्य के लोगों ने प्रधानमंत्री (नरेन्द्र मोदी) के योगदान का कर्ज चुकाया है… राज्य में भाजपा नीत राजग शासन के तहत हुआ विकास राज्य में पार्टी की जीत का प्रमुख कारक है.” मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा नीत केंद्र सरकार के तहत अरुणाचल प्रदेश में हुआ विकास राज्य में पार्टी की जीत का प्रमुख कारक है.

उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “भाजपा ने अपनी जीत का सिलसिला ‘उगते सूरज की भूमि’ (अरुणाचल) से शुरू किया है और यह सिलसिला पूरे देश में फैलेगा, जिसे लोग चार जून को देखेंगे. पार्टी लोकसभा चुनावों में भारी अंतर से जीत हासिल करेगी और नरेन्द्र मोदी तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे.” नये मंत्रिमंडल के गठन के बारे में पूछे गये एक सवाल के जवाब में खांडू ने कहा कि चार जून को लोकसभा चुनाव की मतगणना के बाद पार्टी के सभी विजयी उम्मीदवार एक बैठक बुलाएंगे जिसमें मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार पर फैसला किया जाएगा. खांडू ने कहा, “भाजपा एक अनुशासित पार्टी है. पार्टी सभी निर्वाचित उम्मीदवारों की सहमति से नेता का चयन करेगी.” भाषा प्रशांत धीरज

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button