‘बॉडी बिल्डर’ कटारिया का विमान में धूम्रपान करते हुए वीडियो आया, सिंधिया ने दिये जांच के आदेश

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 11 Aug 2022 08:54 PM
‘बॉडी बिल्डर’ कटारिया का विमान में धूम्रपान करते हुए वीडियो आया, सिंधिया ने दिये जांच के आदेश
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने स्पाइसजेट की उड़ान में ‘बॉडी बिल्डर’ बॉबी कटारिया का धूम्रपान करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद बृहस्पतिवार को इस घटना की जांच के आदेश दिए. वीडियो में कटारिया को स्पाइसजेट के विमान में सिगरेट जलाते हुए और धूम्रपान करते हुए देखा जा सकता है. कटारिया के इंस्टाग्राम पर 6.3 लाख ‘फॉलोअर्स’ हैं.

यात्रियों को विमान में लाइटर ले जाने और धूम्रपान करने की अनुमति नहीं है. सूत्रों के मुताबिक धूम्रपान की घटना स्पाइसजेट के एसजी706 विमान में हुई जो दुबई से दिल्ली आ रहा था. स्पाइसजेट ने कहा कि धूम्रपान की घटना दुबई-दिल्ली उड़ान में 20 जनवरी को हुई थी, जब यात्री विमान में सवार हो रहे थे और चालक दल के सदस्य विमान में यात्रियों के सवार होने की प्रक्रिया को पूरा करने में व्यस्त थे.

उसने कहा कि जांच के बाद एअरलाइन ने फरवरी में यात्री का नाम 15 दिन के लिए उड़ान निषिद्ध सूची (नो फ्लाइंग लिस्ट) में डाल दिया था. विमानन नियामक नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के नियमों के अनुसार, एक एअरलाइन के पास एक निश्चित अवधि के लिए उस यात्री को प्रतिबंधित करने का अधिकार होता है जो किसी भी नियम का उल्लंघन करता है.

इस घटना का वीडियो बृहस्पतिवार को ट्विटर पर पोस्ट किये जाने के बाद सिंधिया ने कहा, ‘‘इस घटना की जांच की जा रही है. इस तरह के खतरनाक व्यवहार को सहन नहीं किया जायेगा.’’ केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के सूत्रों ने बृहस्पतिवार को कहा कि इस घटना का वीडियो इस साल जनवरी में उनके संज्ञान में लाया गया था और उन्होंने संबंधित एअरलाइन को पत्र लिखा था और बाद में गुरुग्राम में पुलिस को शिकायत भी भेजी थी.

सीआईएसएफ के एक सूत्र ने कहा, ‘‘हम समझते हैं कि पुलिस ने उसके खिलाफ वहां (गुरुग्राम में) शिकायत दर्ज की थी.’’ स्पाइसजेट ने एक बयान में कहा, ‘‘यह स्पाइसजेट के विमान में एक यात्री के धूम्रपान करने के एक वीडियो के संदर्भ में है. इस मामले की जनवरी 2022 में अच्छी तरह से जांच की गई थी और एअरलाइन द्वारा गुरुग्राम के उद्योग विहार पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी.’’ बयान में कहा गया है कि इस वीडियो की जांच से पता चलता है कि यह 20 जनवरी, 2022 को उस समय शूट किया गया था, जब यात्री दुबई से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाले विमान एसजी 706 में सवार हो रहे थे.

इसमें कहा गया है, ‘‘उक्त यात्री और उसके सह-यात्रियों ने 21वीं पंक्ति में उस वक्त यह वीडियो शूट किया था, जब चालक दल के सदस्य विमान में यात्रियों के सवार होने की प्रक्रिया को पूरा करने में व्यस्त थे. किसी भी यात्री या चालक दल को इस कृत्य के बारे में पता नहीं था. सोशल मीडिया पर की गई पोस्ट के जरिये यह मामला 24 जनवरी, 2022 को एअरलाइन के संज्ञान में आया था.’’

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu