केरल के मुख्यमंत्री विजयन, केंद्रीय राज्य मंत्री चंद्रशेखर के बीच हमास और विस्फोटों पर वाकयुद्ध

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 30 Oct 2023 10:38 PM
केरल के मुख्यमंत्री विजयन, केंद्रीय राज्य मंत्री चंद्रशेखर के बीच हमास और विस्फोटों पर वाकयुद्ध
ऑडियो सुनें

कोच्चि (केरल). केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और केंद्रीय राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर के बीच सोमवार को जमकर जुबानी जंग हुई. भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री को “झूठा” कहा तो इसके जवाब में विजयन ने उन्हें “बेहद जहरीला” करार दिया. सोशल मीडिया मंच एक्स पर चंद्रशेखर के एक पोस्ट की मुख्यमंत्री द्वारा आलोचना किए जाने के बाद दोनों के बीच जुबानी जंग छिड़ गई.

पोस्ट में केंद्रीय मंत्री रविवार को कोच्चि के पास एक ईसाई सभा में हुए कई विस्फोटों के लिए कथित तौर पर एक विशेष समुदाय पर आरोप लगाते दिखे. इन विस्फोटों में तीन लोगों की मौत हो गई और 50 से अधिक घायल हुए हैं. चंद्रशेखर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के नेतृत्व में केरल का कट्टरपंथी तत्वों एवं कट्टरपंथ के प्रति नरम रुख रहा है.

भाजपा नेता के पोस्ट को उनके सांप्रदायिक रुख का हिस्सा बताते हुए विजयन ने यह जानना चाहा कि केंद्रीय मंत्री ने किस सूचना के आधार पर उनके खिलाफ इस तरह की टिप्पणी की और जिम्मेदार पद पर बैठा कोई व्यक्ति कैसे इस तरह के बयान दे सकता है जबकि विस्फोट मामले की जांच जारी है. विजयन ने संवाददाता सम्मेलन के दौरान आरोप लगाया कि भाजपा नेता के बयान पूरी तरह से एक खास मनोवृत्ति की झलक पेश करते हैं.

मुख्यमंत्री की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए चंद्रशेखर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने पोस्ट में किसी समुदाय का जिक्र नहीं किया है. उन्होंने कहा, ”मैंने हमास के बारे में बात की और ऐसा प्रतीत होता है कि मुख्यमंत्री हमास और हमारे राज्य एवं देश के मुस्लिम भाइयों एवं बहनों को एक समान बताने की कोशिश कर रहे हैं.” चंद्रशेखर ने विस्फोट की खबरें आने के बाद रविवार को ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ”भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरे एक बदनाम मुख्यमंत्री (और राज्य के गृह मंत्री) पिनराई विजयन की गंदी बेशर्म तुष्टीकरण की राजनीति.”

उन्होंने कहा, ”दिल्ली में बैठकर इजराइल के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि केरल में आतंकवादी हमास द्वारा जिहाद के खुले आह्वान के कारण निर्दोष ईसाइयों पर हमले और बम विस्फोट हो रहे हैं.” केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनका पोस्ट ”हमास प्रमुख को युवाओं की एक बड़ी सभा को संबोधित करने और उन्हें कट्टरवाद के लिए उकसाने का मौका देने तथा केरल सरकार या पुलिस द्वारा कोई हस्तक्षेप नहीं किए जाने के संदर्भ में था.” चंद्रशेखर ने आरोप लगाया, ”मैंने वही कहा जो मैं हमेशा कहता आया हूं और जो हमारी पार्टी हमेशा कहती है कि मुख्यमंत्री पिनराई विजयन के नेतृत्व में केरल का कट्टरपंथी तत्वों एवं कट्टरवाद के प्रति नरम रुख रहा है.” उन्होंने आरोप लगाया कि केरल में कांग्रेस एवं वाम मोर्चा दोनों का, राज्य में कट्टरपंथी तत्वों के तुष्टीकरण का इतिहास रहा है.

केंद्रीय राज्य मंत्री ने दावा किया कि दोनों दलों ने राज्य में बढ.ते कट्टरपंथ को लेकर आंखें मूंद ली हैं. उन्होंने विजयन को ”झूठा” करार दिया. वहीं, मुख्यमंत्री ने पलटवार करते हुए कहा कि चंद्रशेखर “सिर्फ जहरीले नहीं” था, बल्कि “बेहद जहरीले” हैं. कोच्चि के निकट कलमश्शेरी में विस्फोट उस वक्त हुआ था जब रविवार को ईसाई समुदाय के ‘यहोवा के साक्षी’ संप्रदाय की प्रार्थना सभा का आयोजन हो रहा था.

शुरू में विस्फोट में एक महिला की मौत हुई और 60 लोग घायल हुए जिनमें से छह की हालत गंभीर थी. इसके बाद गंभीर रूप से घायल छह लोगों में से 53 वर्षीय महिला ने दम तोड़ दिया. सोमवार सुबह तक घटना में 12 वर्षीय लड़की के दम तोड़ने से मृतकों की संख्या बढ.कर तीन हो गई. लड़की विस्फोट की घटना में 95 फीसदी तक झुलस गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu