हम लोकतंत्र को मजबूत करने और पूर्ण राज्य के लिए मिलकर लड़ेंगे: खरगे

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Wed, 16 Oct 2024 02:30 PM
हम लोकतंत्र को मजबूत करने और पूर्ण राज्य के लिए मिलकर लड़ेंगे: खरगे
ऑडियो सुनें

श्रीनगर: कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बुधवार को नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला के जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर प्रसन्नता जताई और कहा कि दोनों दल पूर्ण राज्य का दर्जा बहाल करने के लिए मिलकर लड़ाई लड़ेंगे।

उमर अब्दुल्ला ने बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त किए जाने के बाद केंद्र शासित प्रदेश में यह पहली चुनी हुई सरकार है। खरगे ने कहा, ‘‘हमें खुशी है कि हमारे गठबंधन के सहयोगी मुख्यमंत्री बन गए हैं और यह जम्मू-कश्मीर के लिए एक बड़ी सफलता है। आज लोकतंत्र बहाल हो गया और हम इसे मजबूत करने के लिए मिलकर लड़ेंगे।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम तब तक लड़ते रहेंगे जब तक जम्मू-कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा वापस नहीं मिल जाता।’’ उमर के शपथ ग्रहण समारोह में विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के लगभग सभी नेताओं ने हिस्सा लिया। शेर-ए-कश्मीर अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र (एसकेआईसीसी) में आयोजित शपथ ग्रहण में हिस्सा लेने के लिए आए नेताओं में कांग्रेस नेता राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे, समाजवादी पार्टी (सपा) के अखिलेश यादव, वामपंथी नेता प्रकाश करात और डी. राजा, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (डीएमके) की कनिमोई, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एसपी) की सुप्रिया सुले और पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती शामिल थीं।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav