बदला मौसम: सुबह से बादलों की लुकाछिपी के बाद हुई बारिश, उमस भरी गर्मी से मिली राहत

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Mon, 27 Jul 2026 04:51 PM
बदला मौसम: सुबह से बादलों की लुकाछिपी के बाद हुई बारिश, उमस भरी गर्मी से मिली राहत
ऑडियो सुनें

दिल्ली-एनसीआर: दिल्ली-एनसीआर में सोमवार दोपहर तक भीषण गर्मी और उमस से लोग बेहाल नजर आए। हालांकि बादलों के बीच सूरज की लुकाछिपी सुबह से ही जारी थी।  दोपहर ढलने के साथ ही मौसम ने अचानक करवट बदली। आसमान में बादल छाने के साथ ही एनसीआर के कुछ इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने कल ही 27 जुलाई यानी आज के लिए पूर्वानुमान जारी करते हुए कहा था कि सुबह से दोपहर तक कुछ स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और कुछ जगहों पर मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की भी संभावना जताई थी। रात के समय भी हल्की बारिश का एक दौर देखने को मिल सकता है।

कल भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार, 28 और 29 जुलाई को बारिश की गतिविधियां बढ़ने के आसार हैं। इन दोनों दिनों में ज्यादातर इलाकों में हल्की बारिश के एक-दो दौर हो सकते हैं, जबकि कुछ जगहों पर मध्यम बारिश भी होने की संभावना जताई गई है। शाम और रात के समय भी कई इलाकों में बारिश हो सकती है। 30 जुलाई को हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।

31 और 1 अगस्त को लेकर भी पूर्वानुमान जारी
वहीं, 31 जुलाई और 1 अगस्त को मौसम अधिकतर बादलों से घिरा रहेगा और कुछ जगहों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान करीब 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 22 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हवा की दिशा में बदलाव के साथ दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्वी हवाएं चलेंगी।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav