क्या राहुल गांधी राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर बोलेंगे और गहलोत का इस्तीफा मांगेंगे: भाजपा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 29 Sep 2023 07:27 PM
क्या राहुल गांधी राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर बोलेंगे और गहलोत का इस्तीफा मांगेंगे: भाजपा
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे पर शुक्रवार को कांग्रेस पर हमला तेज करते हुए देश की प्रमुख विपक्षी पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से सवाल किया कि क्या वह इन मुद्दों पर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से बात करेंगे और उनसे इस्तीफा देने को कहेंगे.

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने यहां पार्टी मुख्यालय में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए गांधी से अपनी चुप्पी तोड़ने और गहलोत के नेतृत्व में अपनी पार्टी की राज्य सरकार के कामकाज पर सवाल उठाने को कहा. जयपुर के एक गांव में शुक्रवार को सड़क के किनारे एक महिला का आंशिक रूप से जला हुआ शव मिला था. पुलिस ने हत्या की आशंका जताई है.

पूनावाला ने हाल के दिनों में राज्य में दर्ज हत्या, बलात्कार और अन्य अपराधों के कई अन्य मामलों का भी हवाला दिया और दावा किया, ”यह सिर्फ एक घटना नहीं है… मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के नेतृत्व में राजस्थान महिलाओं के खिलाफ अपराध में देश में शीर्ष पर है.” उन्होंने आरोप लगाया कि राजस्थान में कांग्रेस के साढ.े चार साल के शासन में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से ध्वस्त हो गई है.

उन्होंने कहा, ”प्रियंका गांधी ने नारा दिया था ‘लड़की हूं, लड़ सकती हूं’ लेकिन राजस्थान में महिलाएं आज पूछ रही हैं कि ‘लड़की हूं तो क्या राजस्थान में बच सकती हूं?” भाजपा प्रवक्ता ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यह सुनिश्चित किया है कि महिलाओं को उनका संवैधानिक अधिकार मिले लेकिन राजस्थान में महिलाओं की सुरक्षा का अधिकार सुनिश्चित नहीं किया जा रहा है.

उन्होंने कहा, ”कांग्रेस के नेता महिला सुरक्षा और उनके सशक्तीकरण की बात करते हैं, उनके बारे में बड़े-बड़े दावे करते हैं. अक्सर उनके नेता और प्रवक्ता लाशों पर राजनीति करते हैं और अन्य राज्यों में महिला सुरक्षा का मुद्दा उठाते हैं.” पूनावाला ने कहा, ”क्या राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाद्रा राजस्थान का दौरा करेंगे, राज्य में (महिला सुरक्षा का) यह मुद्दा मुख्यमंत्री के समक्ष उठाएंगे और उनका इस्तीफा मांगेंगे.”

भाजपा प्रवक्ता ने राजस्थान में महिलाओं के खिलाफ अपराध के कुछ हालिया मामलों का जिक्र किया और कहा, ”न तो राहुल गांधी और न ही प्रियंका वाद्रा ने कभी इन घटनाओं की निंदा करते हुए कोई बयान दिया.” उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के किसी भी सहयोगी ने राजस्थान में इन घटनाओं पर कोई बयान नहीं दिया है. उन्होंने पूछा, ”यह चयनात्मक आक्रोश क्यों है?” पूनावाला का इशारा मणिपुर में महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर राहुल गांधी और विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दलों की प्रतिक्रिया की ओर था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu