कोलकाता मामले पर भविष्य में बोलूंगा, रायबरेली में दलित की हत्या से ध्यान भटकाना नहीं चाहता: राहुल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 20 Aug 2024 08:52 PM
कोलकाता मामले पर भविष्य में बोलूंगा, रायबरेली में दलित की हत्या से ध्यान भटकाना नहीं चाहता: राहुल
ऑडियो सुनें

रायबरेली. लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को कहा कि वह भविष्य में कोलकाता में डॉक्टर की बलात्कार के बाद हत्या के मामले पर बोलेंगे, क्योंकि वह दलित युवक की हत्या के मुद्दे से ध्यान भटकाना नहीं चाहते, जिसके लिए वह यहां आए हैं.
वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर दोहरा मापदंड अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें अपराध सिर्फ भाजपा शासित राज्यों में दिखता है.

राहुल गांधी मंगलवार को एक दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र रायबरेली में थे, जहां नसीराबाद थाना क्षेत्र के भुवालपुर सिसनी गांव में 11 अगस्त को कुछ स्थानीय लोगों के साथ विवाद के बाद अर्जुन पासी (22) नामक एक दलित युवक की कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी. अर्जुन पासी के परिजनों से मिलने के बाद मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे कोलकाता में एक प्रशिक्षु चिकित्सक की बलात्कार के बाद हत्या के मामले के बारे में पूछा गया तो गांधी ने कहा, “मैं इस घटना (दलित की हत्या) के लिए यहां (रायबरेली) आया हूं.”

उन्होंने कहा, “मैंने कोलकाता की घटना पर टिप्पणी की है और अपने विचार रखे हैं. मैं इस घटना (दलित युवक की हत्या) से ध्यान भटकाना नहीं चाहता, इसलिए मैं इस मुद्दे को उठाने यहां आया हूं.” उन्होंने संवाददाताओं से कहा, “मैं जानता हूं कि आप नहीं चाहते कि इस मुद्दे को भटकाया जाए और इसे उजागर न किया जाए क्योंकि आप नहीं चाहते कि दलितों के मुद्दों को उठाया जाए. मैं यहां दलितों की रक्षा करने, उनके मुद्दों को उठाने आया हूं. मैं इस मामले से ध्यान भटकने नहीं दूंगा.” उन्होंने कहा, “मैं कोलकाता मामले पर आगे आने वाले समय पर बोलूंगा.” नौ अगस्त को कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के सेमिनार कक्ष के अंदर एक प्रशिक्षु डॉक्टर का शव मिला था, जिसके बाद अगले दिन पुलिस ने बलात्कार के बाद हत्या की घटना में कथित संलिप्तता के लिए व्यक्ति को गिरफ्तार किया था.

राहुल गांधी के बयान पर भारतीय जनता पार्टी की उप्र इकाई ने ‘एक्स’ पर किये गये एक पोस्ट में कहा, ”कांग्रेस के शहजादे जिनकी देश में नेता विपक्ष की भूमिका है, लेकिन जनता के लिए इन्होंने दोहरे मापदंड निर्धारित कर रखे हैं.” भाजपा ने इसी पोस्ट में राहुल गांधी के बयान का 12 सेकंड का एक वीडियो साझा करते हुए कहा, ”इनको अपराध सिर्फ भाजपा शासित राज्यों में दिखता है. पश्चिम बंगाल में हुई जघन्य घटना पर इनके मुंह से एक शब्द नहीं निकलता, पत्रकारों के सवाल पूछने पर बेशर्मी पूर्ण जवाब आता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu