हेड के शतक से सनराइजर्स ने बनाये तीन विकेट पर रिकॉर्डतोड़ 287 रन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 15 Apr 2024 10:33 PM
हेड के शतक से सनराइजर्स ने बनाये तीन विकेट पर रिकॉर्डतोड़ 287 रन
ऑडियो सुनें

बेंगलुरु. ट्रेविस हेड के आक्रामक शतक समेत अपने बल्लेबाजों के धुंआधार प्रदर्शन के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने इंडियन प्रीमियर लीग में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के खिलाफ टूर्नामेंट के इतिहास का रिकॉर्ड स्कोर जड़ते हुए तीन विकेट पर 287 रन बनाये. सनराइजर्स ने इसी सत्र में 27 मार्च को मुंबई इंडियंस के खिलाफ तीन विकेट पर 277 रन बनाकर रिकॉर्ड अपने नाम किया था और आज अपना ही रिकॉर्ड तोड़ दिया .

ट्रेविस ने टीम को शानदार शुरूआत देते हुए 41 गेंद में 102 रन बनाये जिसमें नौ चौके और आठ छक्के शामिल थे . इससे पहले आरसीबी ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. आस्ट्रेलिया के बल्लेबाज हेड ने अभिषेक शर्मा के साथ 49 गेंद में 108 रन की साझेदारी की . शर्मा ने 22 गेंद में 34 रन बनाये . इसके बाद हेड और हेनरिच क्लासेन ने 26 गेंद में 57 रन की साझेदारी की . क्लासेन ने 31 गेंद में 67 रन बनाये जिसमें दो चौके और सात छक्के शामिल थे .

हेड ने आरसीबी के तेज गेंदबाजों रीसे टॉपली और ग्लेन मैक्सवेल की जगह उतरे लॉकी फर्ग्युसन की जमकर धुनाई की . आरसीबी के लिये पदार्पण कर रहे फर्ग्युसन ने पहले ही ओवर में 18 रन दे डाले . उनकी पहली गेंद पर हेड ने स्क्वेयर लेग के ऊपर से छक्का लगाया . अगली गेंद उन्होंने शॉर्ट डाली लेकिन हेड ने मिड आन पर छक्का लगा दिया. इस बीच शर्मा को टॉपली ने स्कवेयर लेग पर फर्ग्युसन के हाथों लपकवाया.

इसके बाद हेड और क्लासेन ने चौकों छक्को की बरसात करके तेजी से रन बनाये .हेड ने तेज गेंदबाज विजयकुमार विशाख को चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया . वह हालांकि फर्ग्युसन की गेंद पर मिड आफ में फाफ डु प्लेसी को कैच देकर पवेलियन लौटे .
इसके बावजूद रनगति कम नहीं हुई . क्लासेन ने 23 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया . उन्होंने बायें हाथ के आफ स्पिनर महिपाल लोमरोर के एकमात्र ओवर में 18 रन निकाले.

क्लासेन को विशाख ने फर्ग्युसन के हाथों लपकवाया . इसके बाद एडेन माक्ररम और अब्दुल समद ने मिलकर 277 रन का रिकॉर्ड तोड़ा . समद ने सिर्फ दस गेंद में तीन छक्कों और चार चौकों की मदद से 37 रन बनाये जबकि माक्ररम 17 गेंद में 32 रन बनाकर नाबाद रहे . दोनों ने चौथे विकेट की अटूट साझेदारी में 56 रन जोड़े .

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu