कोरबा: जंगली हाथी के हमले में महिला की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 21 Aug 2023 09:37 PM
कोरबा: जंगली हाथी के हमले में महिला की मौत

ऑडियो सुनें

कोरबा. छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में जंगली हाथी के हमले में महिला की मृत्यु हो गई. वन विभाग के अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी. अधिकारियों ने बताया कि जिले के कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत रिंगनिया गांव में जंगली हाथी ने लक्ष्मीण बाई (80) की जान ले ली.

उन्होंने बताया कि रविवार रात लगभग आठ बजे जंगली हाथियों का दल कटघोरा वन मंडल के अंतर्गत रिंगनिया गांव पहुंचा और लक्ष्मीण बाई के घर पर धावा बोल दिया. अधिकारियों ने बताया कि हाथियों के हमले के बाद घर के अन्य सदस्यों ने भागकर अपनी जान बचाई लेकिन हाथी ने लक्ष्मीण बाई को पकड़ लिया और पटक पटककर उनकी जान ले ली.

उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग का दल घटनास्थल पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा.
अधिकारियों ने बताया कि मृत महिला के परिवार को तात्कालिक सहायता राशि 25 हजार रुपए दी गई है तथा औपचारिकता पूरी होने के बाद शेष 5.75 लाख रुपए दिए जाएंगे.

By Yogesh Kumar Sahu