महिला टी20: भारत ने बांग्लादेश को हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 06 May 2024 08:25 PM
महिला टी20: भारत ने बांग्लादेश को हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज की
ऑडियो सुनें

सिलहट. कप्तान हरमनप्रीत कौर की उम्दा पारी के बाद दीप्ति शर्मा की अगुआई में गेंदबाजों के प्रभावी प्रदर्शन से भारत ने वर्षा से प्रभावित 14 ओवर के चौथे महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में सोमवार को यहां बांग्लादेश को डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत 56 रन से हराकर लगातार चौथी जीत दर्ज करते हुए पांच मैच की श्रृंखला में 4-0 की बढ.त बनाई.

भारत ने हरमनप्रीत (39) और रिचा घोष (24) के बीच चौथे विकेट की 44 रन की साझेदारी से छह विकेट पर 122 रन बनाए. सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना (22) और डी हेमलता (22) ने भी उपयोगी पारियां खेलीं. डकवर्थ-लुईस पद्धति के तहत बांग्लादेश को 125 रन का लक्ष्य मिला लेकिन दीप्ति शर्मा (13 रन पर दो विकेट), आशा शोभना (18 रन पर दो विकेट) और राधा यादव (12 रन पर एक विकेट) की फिरकी के जादू के सामने मेजबान टीम कभी लक्ष्य हासिल करने की स्थिति में नहीं दिखी और सात विकेट पर 68 रन ही बना सकी.

बांग्लादेश की ओर से सलामी बल्लेबाज दिलारा अख्तर (21), रूबिया हैदर (13) और शोरिफा खातून (नाबाद 11) ही दोहरे अंक में पहुंच सकीं. लक्ष्य का पीछा करने उतरे बांग्लादेश की शुरुआत काफी धीमी रही और टीम पावर प्ले के चार ओवर में एक विकेट पर 21 रन ही बना सकी. टीम ने इस दौरान मुर्शीदा खातून (01) का विकेट गंवाया जिन्हें दीप्ति ने विकेटकीपर रिचा के हाथों कैच कराया. दिलारा 25 गेंद में दो चौकों से 21 रन की धीमी पारी खेलने के बाद दीप्ति की गेंद पर पगबाधा हो गईं. एक गेंद बाद रूबिया भी रन आउट हो गईं.

शोभना ने कप्तान निगारा सुल्ताना (01) को पगबाधा किया जिससे चार गेंद के भीतर बांग्लादेश का स्कोर एक विकेट पर 38 रन से चार विकेट पर 39 रन हो गया. राधा ने इसके बाद रितु मोनी (01) जबकि शोभना ने शोर्ना अख्तर (05) को पवेलियन भेजा. बांग्लादेश के रनों का अर्धशतक 11वें ओवर में पूरा हुआ. मेजबान टीम को अंतिम तीन ओवर में 72 रन की दरकार थी और टीम इस स्कोर के आसपास भी नहीं पहुंच सकी.

इससे पहले बारिश के कारण विलंब से शुरुआत और फिर एक घंटे से अधिक समय तक मैच रोके जाने के कारण ओवरों की संख्या को घटाया गया. अपना 300वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही हरमनप्रीत ने रिचा के साथ पांचवें विकेट के लिए 28 गेंद में 44 रन जोड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.

इस जोड़ी ने बारिश के खलल के बाद आक्रामक तेवर दिखाए और अपनी साझेदारी के दौरान आठ चौके और एक छक्का जड़ा. टॉस हारकर बल्लेबाजी करने उतरे भारत की शुरुआत खराब रही. टीम ने दूसरे ओवर में ही शेफाली वर्मा (02) का विकेट गंवा दिया जो शोरिफा की गेंद पर एक्स्ट्रा कवर पर रितु को कैच दे बैठीं.

हेमलता ने दो छक्कों और दो चौकों के साथ आक्रामक तेवर दिखाए लेकिन मारूफा अख्तर ने उन्हें पगबाधा आउट कर दिया. भारत का स्कोर जब 5.5 ओवर में दो विकेट पर 48 रन था तब बारिश के कारण खेल रोकना पड़ा. मैच दोबारा शुरू होने पर स्मृति ने चौका जड़ा लेकिन राबिया खान की गेंद पर बोल्ड हो गईं. रिचा और हरमनप्रीत ने इसके बाद भारत को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया. राबिया ने रिचा को शोर्ना के हाथों कैच कराके इस साझेदारी को तोड़ा. हरमनप्रीत अंतिम ओवर में रन आउट हुईं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu