प्रतिदिन 100 किलोमीटर राजमार्ग बनाने के लक्ष्य पर काम जारी: गडकरी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 15 Apr 2025 08:43 PM
प्रतिदिन 100 किलोमीटर राजमार्ग बनाने के लक्ष्य पर काम जारी: गडकरी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि भारत के लिए बुनियादी ढांचे का विकास बहुत महत्वपूर्ण है और उनका लक्ष्य देश में राजमार्ग निर्माण की गति को बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रतिदिन करना है. गडकरी ने एआईएमए के 10वें राष्ट्रीय नेतृत्व सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अगले 18 महीनों में भारत का सड़क बुनियादी ढांचा अमेरिका से बेहतर होगा.

उन्होंने कहा, ”भारत के लिए बुनियादी ढांचे के विकास का बहुत महत्व है… मैं देश में राजमार्ग निर्माण की गति को बढ़ाकर 100 किलोमीटर प्रतिदिन करने के लिए काम कर रहा हूं.” सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री ने कहा कि राजमार्ग मंत्रालय आने वाले वर्षों में कुल 25,000 किलोमीटर के दो और चार लेन वाले राजमार्ग बनाएगा.

गडकरी ने कहा, ”राजमार्ग परियोजनाओं के लिए धन की कोई कमी नहीं है.” देश में राजमार्ग निर्माण की गति 2020-21 में प्रतिदिन 37 किलोमीटर के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई थी. मंत्री ने यह भी कहा कि केंद्र सरकार दिल्ली को बदलने के लिए एक लाख करोड़ रुपये की बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर काम कर रही है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu