धर्म परिवर्तन के लिए मजबूर करने के आरोप में युवक गिरफ्तार

सहारनपुर. सहारनपुर जिले की देहात कोतवाली पुलिस ने एक युवती को जबरन धर्म परिवर्तन करने के लिए मजबूर करने और उसके साथ दुष्कर्म के आरोप में मंगलवार को एक युवक को गिरफ्तार किया है. सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (नगर) राजेश कुमार ने मंगलवार को ‘पीटीआई/भाषा’ को बताया कि जनकपुरी निवासी एक युवती ने पांच जून को देहात कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि एक युवक ने अपना नाम सौरभ बताकर उसके साथ शादी की, लेकिन बाद में पता चला कि उसका वास्तविक नाम सुहेल शाह है जो हकीकत नगर का रहने वाला है.

तहरीर के अनुसार, युवती को सुहेल की सच्चाई पता चलने के बाद उसने संबंध तोड़ने का प्रयास किया. एसपी ने बताया कि महिला ने शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि सुहेल और उसके परिवार के सदस्यों ने उस पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव डाला और आरोपी ने उसे कई दिनों तक अपने साथ रखा और लगातार उसके साथ दुष्कर्म किया. कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी सुहेल शाह को देहरादून भागने का प्रयास करने के दौरान माहेश्वरी अड्डा बेहट रोड से गिरफ्तार किया गया. उन्होंने बताया कि युवक को अदालत में पेश किया जाएगा.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button