युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास: तमिलनाडु के खिलाफ 3 विकेट लेकर पूरा किया टी20 में 400 विकेट का आंकड़ा

इंदौर में खेले गए मुकाबले में चहल ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट झटके और हरियाणा ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 में जीत का खाता खोला।
Author: www.navabharat.news
UPDATED: Thu, 19 Nov 2026 11:37 AM
युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास: तमिलनाडु के खिलाफ 3 विकेट लेकर पूरा किया टी20 में 400 विकेट का आंकड़ा

Oplus_16908288

ऑडियो सुनें

युजवेंद्र चहल ने रचा इतिहास: भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल टी20 क्रिकेट में 400 विकेट लेने वाले पहले भारतीय गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि बुधवार को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी एलीट 2026 के ग्रुप-बी मैच में तमिलनाडु के खिलाफ हासिल की। चहल ने 4 ओवर में 16 रन देकर 3 विकेट लिए। उनके प्रदर्शन की बदौलत हरियाणा ने तमिलनाडु को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में जीत से शुरुआत की।

346 मुकाबलों में 402 विकेट

चहल अब तक 346 टी20 मैचों में 402 विकेट ले चुके हैं। भारतीय गेंदबाजों की इस सूची में शीर्ष पांच नाम ये हैं:

  • युजवेंद्र चहल: 402 विकेट
  • भुवनेश्वर कुमार: 366 विकेट
  • जसप्रीत बुमराह: 354 विकेट
  • पीयूष चावला: 329 विकेट
  • रविचंद्रन अश्विन: 323 विकेट

तमिलनाडु की टीम 124 रन पर ढेर

इंदौर के डेली कॉलेज ग्राउंड पर टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी तमिलनाडु की टीम 19.5 ओवर में 124 रन पर ऑलआउट हो गई। टीम को तीसरे ही रन पर तुषार रहेजा (1) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद बालासुब्रमण्यम सचिन और अमित सात्विक (38) ने दूसरे विकेट के लिए 51 रन जोड़े। सचिन ने एन. जगदीशन (9) के साथ तीसरे विकेट के लिए 22 रन की साझेदारी भी की, जिससे स्कोर 76 रन तक पहुंचा। कप्तान साई किशोर ने 19 और शाहरुख खान ने 22 रन बनाए।

चहल और संधू ने झटके 3-3 विकेट

हरियाणा की ओर से चहल ने 3 विकेट लिए, जबकि निशांत संधू ने 22 रन देकर 3 विकेट झटके। कनिष्क चौहान और राहुल तेवतिया को 1-1 विकेट मिला।

हरियाणा ने 16.1 ओवर में जीता मैच

125 रन के लक्ष्य के जवाब में हरियाणा ने 16.1 ओवर में 3 विकेट खोकर जीत दर्ज कर ली। अर्श रंगा और यशवर्धन दलाल ने पहले विकेट के लिए 35 रन जोड़े। अर्श 18 रन बनाकर आउट हुए। फिर यशवर्धन ने कप्तान अंकित कुमार के साथ दूसरे विकेट के लिए 40 रन जोड़े और 19 गेंदों में 4 चौकों से 21 रन बनाकर लौटे।

अंकित और निशांत ने दिलाई जीत

तीसरे विकेट के लिए अंकित कुमार और निशांत संधू ने 58 रन की साझेदारी कर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। अंकित 43 रन बनाकर आउट हुए, जबकि संधू 37 रन बनाकर नाबाद रहे। तमिलनाडु की ओर से वी. अथिसयाराज डेविडसन, गुरजपनीत सिंह और साई किशोर को 1-1 विकेट मिला।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news