जीनत अमान ने कहा कि उन्हें पीटोसिस नामक बीमारी थी, सर्जरी के बाद दृष्टि ‘स्पष्ट’ हुई

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 07 Nov 2023 09:28 PM
जीनत अमान ने कहा कि उन्हें पीटोसिस नामक बीमारी थी, सर्जरी के बाद दृष्टि ‘स्पष्ट’ हुई
ऑडियो सुनें

मुंबई. बीते दौर की अभिनेत्री जीनत अमान ने मंगलवार को कहा कि पीटोसिस नामक बीमारी के कारण उनकी दाहिनी आंख की सर्जरी हुई है जिसके बाद उन्हें साफ दिखाई देने लगा. उन्होंने कहा कि “यह एक ऐसा सच था जिस पर पिछले 40 वर्षों से ध्यान नहीं दिया गया.” पीटोसिस नामक बीमारी के कारण आंख की ऊपरी पलकें झुक जाती है, जिससे रोगी को चीजें धुंधली दिखने लगती हैं या दृष्टि खराब हो जाती है.

जीनत अमान ने कहा कि उनके छोटे बेटे जहान और उसकी दोस्त कारा ने उन्हें 19 मई को मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती करवाया था. इससे एक दिन पहले, 18 मई को उन्होंने एक प्रमुख फैशन मैगजीन के कवर के लिए फोटो शूट किया था. ‘हरे राम हरे कृष्णा’, ‘डॉन’ और ‘सत्यम शिवम सुंदरम’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय की छटा बिखर चुकीं अभिनेत्री (71) ने कहा, “यह एक ऐसा सच था जो पिछले 40 वर्षों से अनदेखा किया गया. अब इससे छुटकारा पाने का समय आ गया. मुझे पीटोसिस नामक बीमारी है, जो कई दशकों पहले लगी चोट का परिणाम है. चोट के कारण मेरी दाहिनी आंख के आसपास की मांसपेशियों को नुकसान पहुंचा.”

उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, “वर्षों से, इस बीमारी के कारण मेरी पलक और भी अधिक झुक गई और कुछ साल पहले समस्या इतनी बढ. गई कि मेरी दृष्टि में बाधा उत्पन्न होने लगी. मैं देख नहीं पाती थी.” जीनत अमान ने कहा कि अभी वह धीरे-धीरे ठीक हो रही हैं और उनकी दृष्टि में काफी सुधार हुआ है. उन्होंने अस्पताल के मेडिकल स्टाफ को धन्यवाद देते हुए कहा, “रिकवरी धीमी है और जारी है. मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि मेरी दृष्टि में अब बहुत सुधार हुआ है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu