जेलेंस्की ने चेर्नीहीव हमले का बदला लेने का लिया संकल्प

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 20 Aug 2023 09:37 PM
जेलेंस्की ने चेर्नीहीव हमले का बदला लेने का लिया संकल्प
ऑडियो सुनें

कीव. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने देश के उत्तरी शहर चेर्नीहीव में एक रूसी मिसाइल हमले का कड़ा जवाब देने का रविवार को संकल्प लिया. एक दिन पहले हुए इस हमले में सात लोग मारे गए और करीब 150 अन्य घायल हुए हैं. जेलेंस्की ने स्वीडन यात्रा के समापन पर रविवार तड़के प्रसारित एक वीडियो संबोधन में कहा, ”मैं आश्वस्त हूं कि हमारे सैनिक इस आतंकी हमले का रूस को जवाब देंगे. कड़ा जवाब देंगे.” पिछले महीने लिथुआनिया में उत्तर अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) के शिखर सम्मेलन में शरीक होने के बाद से यह उनकी पहली विदेश यात्रा थी.

उन्होंने हमले में मारी गई सोफिया नाम की छह वर्षीय एक बच्ची का जिक्र किया और घायलों में 15 बच्चों के शामिल होने की पुष्टि की. चेर्नीहीव क्षेत्र के गवर्नर व्याचेस्लाव चौस ने रविवार को कहा कि घायलों की कुल संख्या बढ़ कर 148 हो गई है. खार्कीव के क्षेत्रीय गवर्नर ओलेह साइनीहुबोव के मुताबिक, रूसी सैनिकों ने रविवार सुबह कुपियांस्क शहर पर गोलाबारी की, जिसमें एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.

जेलेंस्की रविवार को नीदरलैंड पहुंचे. इसके दो दिन पहले नीदरलैंड ने कहा था कि अमेरिका ने डच और डेनिश अधिकारियों को यूक्रेन की वायुसेना को एफ-16 लड़ाकू विमानों की आपूर्ति करने की अनुमति दे दी है. प्रधानमंत्री मार्क रूट ने जेलेंस्की से कहा कि नीदरलैंड और डेनमार्क, यूक्रेन को एफ-16 लड़ाकू विमान उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.

रूट ने कहा कि कुछ शर्तें पूरी होने के बाद विमानों की आपूर्ति की जाएगी. यह घोषणा रूट और जेलेंस्की द्वारा हवाई अड्डे पर एक हैंगर में खड़े दो एफ-16 लड़ाकू विमानों का निरीक्षण करने के कुछ देर बाद की गई. यह पेशकश ऐसे वक्त की गई है, जब दो दिन पहले नीदरलैंड और डेनमार्क ने कहा था कि अमेरिका ने उन्हें यूक्रेन को अमेरिकी निर्मित एफ-16 युद्धक विमान देने के लिए अधिकृत किया है.

इस बीच, रविवार को रूस में, पांच लोग उस वक्त घायल हो गये जब एक यूक्रेनी ड्रोन ने कुर्स्क शहर पर एक रेलवे स्टेशन को निशाना बनाया. क्षेत्रीय गवर्नर रोमन स्टारोविट ने यह जानकारी दी. वहीं, रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने रविवार तड़के मास्को की ओर जा रहे एक ड्रोन को जाम कर दिया, जिससे वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया. रूस के रक्षा मंत्री ने इसे यूक्रेन शासन द्वारा एक आतंकी हमला करने की कोशिश करार दिया. मास्को के वनुकोवो और दोमोदोवो हवाई अड्डों से संक्षिप्त अवधि के लिए उड़ानें स्थगित कर दी गईं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu