कीव. यूक्रेन के राष्ट्रपति के सलाहकार मिखाइलो पोडोलियाक ने कहा है कि रूस के हमले में हर दिन यूक्रेन के 100 से 200 सैनिक मारे गए हैं और पश्चिमी देशों से अत्याधुनिक हथियार मिलने पर ही रूस के खिलाफ बेहतर जवाबी कार्रवाई हो पाएगी. उन्होंने कहा कि यूक्रेन के पास हथियार रहने से हताहतों की संख्या कम होगी और रूस भी वार्ता की मेज पर आने के लिए मजबूर होगा.
पोडोलियाक ने ‘बीबीसी’ को दिए एक साक्षात्कार में कहा कि दोनों सेनाओं के बीच साजो सामान को लेकर भारी अंतर के कारण युद्ध में हर दिन यूक्रेन के 100 से 200 सैनिक मारे गए हैं. हाल में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने कहा था कि रोजाना 100 सैनिकों की मौत हुई है. पोडोलियाक ने कहा कि हताहत होने वालों की संख्या लगातार बढ़ती गई है. पोडोलियाक ने कहा कि नुकसान के मद्देनजर पश्चिमी देशों को और हथियारों की आपूर्ति करनी चाहिए जो कि बेहतर हथियारों से लैस रूसी सैनिकों से सामना करने में यूक्रेन के सैनिकों के लिए काफी मददगार होगा.
शुरुआती दिनों में कीव पर लगातार हमलों के बाद रूस का ध्यान अब औद्योगिक डोनबास क्षेत्र की कोयला खदानों और कारखानों पर नियंत्रण करने पर है. लेकिन, प्रतिरोध के कारण रूसी सैनिकों की बढ़त धीमी हुई है. पोडोलियाक ने कहा कि अत्याधुनिक हथियारों की आपूर्ति से ना केवल यूक्रेन के हताहतों की संख्या घटेगी बल्कि सेना इसके जरिए उन क्षेत्रों पर भी नियंत्रण बना सकती है जिसपर रूस ने कब्जा कर लिया है.
डोनबास में भीषण लड़ाई शुक्रवार को भी जारी रही. लुहांस्क के गवर्नर ने कहा कि ‘यूक्रेन की सेना हर सड़क और घर के लिए लड़ रही है.’’ लुहांस्क में सिविरोदोनेत्सक ही ऐसा क्षेत्र है जिसपर रूस अब तक कब्जा नहीं कर पाया है. लुहांस्क के गवर्नर सेरही हैदई ने कहा कि औद्योगिक क्षेत्र पर यूक्रेन के सैनिकों का नियंत्रण कायम है और बाकी कुछ अन्य जगहों पर लड़ाई हो रही है. जेलेंस्की ने बृहस्पतिवार को कहा कि डोनबास क्षेत्र में स्थिति लगातार बदल रही है, वहीं जापोरिजिया क्षेत्र में यूक्रेन के सैनिकों को कुछ बढ़त मिली है.
लंदन में ब्रिटेन की सरकार ने कहा है कि रूस को ब्रिटेन के दो लोगों और मोरक्को के एक नागरिक के खिलाफ ‘‘झूठे मुकदमे’’ की जिम्मेदारी लेनी चाहिए, जिन्हें यूक्रेन में रूसी सेना के खिलाफ लड़ने के लिए मौत की सजा सुनाई गई. ब्रिटेन के एडेन असलिन और शॉन पिनर तथा मोरक्को के ब्राहिम सादौन को दोनेत्सक पीपुल्स रिपब्लिक में मास्को समर्थक अलगाववादी प्रशासन द्वारा संचालित एक अदालत द्वारा दोषी ठहराया गया था. ब्रिटेन ने यह नहीं बताया है कि क्या इस बारे में रूसी अधिकारियों के साथ बातचीत की जाएगी.
जेलेंस्की ने यूक्रेन को यूरोपीय यूनियन की सदस्यता देने की लगाई गुहार
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने अपने देश को यूरोपीय यूनियन (ईयू) की सदस्यता देने की गुहार लगाई है. जेलेंस्की ने कोपेनहेगन लोकतंत्र सम्मेलन में शुक्रवार को अपने वीडियो संबोधन में कहा कि ईयू को यूक्रेन को उम्मीदवार का दर्जा देने की दिशा में तेजी से कदम बढ़ाने चाहिये. उन्होंने कहा कि यूरोपीय यूनियन को यह दिखाना चाहिये कि उसने जो बात कही थी कि यूक्रेन की जनता यूरोपीय परिवार का हिस्सा है, वह खोखली बात नहीं है. जेलेंस्की ने खेद व्यक्त किया कि अभी भी कुछ राजनीतिक संशयवादी हैं, जो अब भी सोच रहे हैं कि हमें यूरोपीय संघ में शामिल होना चाहिये या नहीं.
रूस-यूक्रेन युद्ध से संबंधित कुछ अन्य घटनाक्रम इस प्रकार हैं: कोपेनहेगन, डेनमार्क: फिनलैंड ने यूक्रेन को और अधिक रक्षा उपकरण भेजने की योजना बनाई है. हालांकि उसने यह नहीं बताया है कि किस तरह के उपकरण भेजे जाएंगे और इनकी आपूर्ति कब की जाएगी.
सरकार ने शुक्रवार को कहा कि राष्ट्रपति सौली निनिस्टो ने और सैन्य सहायता भेजने के यूक्रेन अनुरोध पर सहमति जताई है.
वेटिकन सिटी – यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष, उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने यूक्रेन में युद्ध को समाप्त करने और वैश्विक खाद्य संकट को दूर करने के प्रयासों पर चर्चा करने के लिए पोप फ्रांसिस से मुलाकात की है. वॉन डेर लेयेन ने ट्वीट किया: ”हम यूक्रेन में विनाश से पीड़ित लोगों के साथ खड़े हैं. यूरोप में शांति वापस लाने के लिए यह युद्ध समाप्त होना चाहिए.”
जिनेवा – संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने यूक्रेन में रूस समर्थक विद्रोहियों द्वारा पकड़े गए तीन विदेशियों को मौत की सजा सुनाए जाने पर ंिचता व्यक्त की है, जो यूक्रेन की तरफ से लड़ रहे थे. स्व-घोषित दोनेत्स्क पीपुल्स रिपब्लिक की एक अदालत ने दो ब्रितानियों और मोरक्को के एक व्यक्ति को हिंसा के जरिये सरकार को उखाड़ फेंकने के प्रयास का दोषी पाया.