दिल्ली के मयूर विहार स्कूल में एक दुखद घटना सामने आई है। यहां के पांडव नगर इलाके के मयूर विहार स्थित प्राइवेट स्कूल की तीसरी कक्षा की छात्रा सुबह करीब 9:00 बजे क्लास में अचेत होकर गिर पड़ी। निर्माण विहार स्थित एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है, जिसमें साफ देखा जा सकता है कि बच्ची क्लास में आती है और थोड़ी देर खड़ने रहने के बाद जमीन पर गिर जाती है। इसके बाद अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी किसी तरह की शिकायत नहीं मिली है। मामले की जांच की जा रही है। बच्ची के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। बताया जा रहा है कि बच्ची को हार्ट अटैक आया था।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आज सुबह लगभग 09:52 बजे पीसीआर को एक कॉल मिला जिसमें बताया गया कि माया विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल की तीसरी कक्षा की 9 वर्षीय छात्रा को निरमन विहार के मलिक रेडिक्स हेल्थ केयर अस्पताल लाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में फिलहाल किसी तरह की गड़बड़ी या फाउल प्ले सामने नहीं आया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। महज 9 साल की उम्र में बच्ची की अचानक मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। स्कूल में भी इस घटना के बाद शोक का माहौल है। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है, जिससे बच्ची की मौत की असली वजह सामने आ सकेगी।
See Video