लोकप्रिय धारावाहिक ‘उड़ान’ में पुलिस अधिकारी ‘कल्याणी’ की भूमिका निभाने वाली कविता चौधरी का निधन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Fri, 16 Feb 2024 08:49 PM
लोकप्रिय धारावाहिक ‘उड़ान’ में पुलिस अधिकारी ‘कल्याणी’ की भूमिका निभाने वाली कविता चौधरी का निधन
ऑडियो सुनें

अमृतसर. दूरदर्शन के लोकप्रिय धारावाहिक ‘उड़ान’ में पुलिस अधिकारी ‘कल्याणी’ की भूमिका निभाने वाली अभिनेत्री कविता चौधरी का दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया है. वह 67 वर्ष की थीं. कविता को 1980 के दशक के अंत में टेलीविजन में दिखाए जाने वाले सर्फ के विज्ञापन के जरिए घर-घर में गृहिणी ललिता जी के रूप में पहचान मिली थी.

उन्हें कुछ दिन पहले ही अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्होंने बृहस्पतिवार रात को अंतिम सांस ली. उनके भांजे अजय सयाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ” अमृतसर के एक अस्पताल में कल रात साढ.े आठ बजे दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया. उन्हें निम्न रक्तचाप की दिक्कत के कारण कुछ दिन पहले अस्पताल में भर्ती कराया गया था. बाद में उनकी हालत काफी बिगड़ गई गई थी.” कविता का अंतिम संस्कार शुक्रवार को सुबह यहां किया गया. उनके परिवार में भांजा सयाल और एक भांजी है.

प्रतिष्ठित राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय से स्नातक करने वाली कविता को महिला सशक्तीकरण पर आधारित धारावाहिक ‘उड़ान’ में आईपीएस अधिकारी कल्याणी सिंह की भूमिका के लिए खूब पसंद किया गया था. यह धारावाहिक 1989 से 1991 के बीच दूरदर्शन पर आया था.

कविता ने न सिर्फ इसमें अभिनय किया था बल्कि उन्होंने ही इसकी कहानी लिखी थी और निर्देशन भी किया था. यह धारावाहिक उनकी बड़ी बहन एवं पुलिस अधिकारी कंचन चौधरी भट्टाचार्य के जीवन पर आधारित था. ‘उड़ान’ में उनके अलावा शेखर कपूर भी थे. महामारी के दौरान इस धारावाहिक को दोबारा दूरदर्शन पर प्रसारित किया गया था.

उनके सहपाठी अभिनेता अनंग देसाई ने कविता चौधरी को याद करते हुए कहा, ” कविता और हम राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय में सहपाठी थे. कविता, अनुपम, मैं, सतीश और अन्य, हम सभी एक ही कक्षा में थे इसलिए मैं उन्हें तब से जानता हूं. मेरी भी उनके साथ कई खास यादें हैं. हम सामाजिक रूप से जुड़े हुए थे और मुंबई में कई बार मिल चुके हैं. उन्होंने जो कुछ किया उसके लिए उन्हें याद किया जाता है. यह बहुत दुखद खबर है. हमें मिले हुए कुछ साल हो गए थे. ” शेखर कपूर ने भी अभिनेत्री के निधन पर दुख व्यक्त किया है.

फिल्मकार शेखर कपूर ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”उन्होंने अपने समय का सबसे प्रेरणादायक धारावाहिक उड़ान बनाया. भारतीय लोक सेवा में उच्च पदों पर मौजूद बहुत सी महिलाएं मेरे पास आती हैं और कहती हैं कि वे उड़ान से प्रेरित थीं. कविता एक अद्भुत निर्देशक थीं….” अभिनेता अमित बहल ने कविता के निधन पर शोक व्यक्त किया है. कविता ने दूरदर्शन के धारावाहिक ‘योर ऑनर’ और ‘आईपीएस डायरीज’ का भी निर्माण किया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu