अनंत अंबानी-राधिका मर्चेंट की शादी से पहले के समारोहों में फिल्मी सितारों की धूम

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 03 Mar 2024 04:41 PM
अनंत अंबानी-राधिका मर्चेंट की शादी से पहले के समारोहों में फिल्मी सितारों की धूम
ऑडियो सुनें

जामनगर. अरबपति उद्योगपति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत और राधिका मर्चेंट की शादी से पहले के आयोजनों में दूसरे दिन अभिनेता शाहरुख खान, सलमान खान और आमिर खान ने अपनी प्रस्तुति दी. तीनों खान इस मौके पर फिल्म ‘आरआरआर’ के ऑस्कर विजेता तेलुगू गीत ‘नाटू नाटू’ की धुन पर थिरके. रविवार की सुबह भारतीय फिल्मी सितारों की टोली सज-धजकर शादी से पहले का जश्न मनाने के लिए जामनगर शहर के पास रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) की पेट्रोलियम रिफाइनरी के पास स्थित एक आवासीय टाउनशिप में मंच पर उतरी.

इस दौरान तीनों ने ‘नाटू नाटू’ के मशहूर हुक स्टेप पर थिरकने की कोशिश की, लेकिन जब सबकुछ योजना के अनुसार होता नहीं दिखा तो सलमान ने अपनी फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ के मशहूर गीत ‘जीने के हैं चार दिन’ पर ‘टॉवेल डांस’ किया तथा आमिर और शाहरुख ने भी उनकी नकल करने की कोशिश की. इसके बाद आमिर ने अपने मशहूर गीतों ‘मस्ती की पाठशाला’ (रंग दे बसंती) और ‘छैया छैया’ (दिल से) पर डांस किया और तीनों अभिनेता इनमें शामिल रहे. इसके बाद तीनों ने ‘नाटू नाटू’ के हिंदी संस्करण ‘नाचो नाचो’ पर भी प्रस्तुति दी.

मंच पर, शाहरुख ने ‘जय श्रीराम’ का नारा भी लगाया. इस दौरान उन्होंने अंबानी परिवार की ‘तीन देवियों’ के तौर पर मुकेश अंबानी की मां कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी, पूर्णिमा दलाल (नीता अंबानी की मां), और देवयानी खिमजी (राधिका मर्चेंट की दादी) का परिचय कराया. समारोह में शाहरुख और सलमान ने अपनी-अपनी एकल प्रस्तुतियां भी दीं. पार्टी के दूसरे दिन दीपिका पादुकोण-रणवीर सिंह, दिलजीत दोसांझ, करीना कपूर खान-सैफ अली खान, सारा अली खान, जान्हवी कपूर, खुशी कपूर और अनन्या पांडे ने भी मंच पर आकर लोगों का मनोरंजन किया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu