‘क्राइम पेट्रोल’ के ‘फर्जी वीडियो’ को लेकर अनूप सोनी ने प्रशंसकों को आगाह किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 12 May 2024 09:29 PM
‘क्राइम पेट्रोल’ के ‘फर्जी वीडियो’ को लेकर अनूप सोनी ने प्रशंसकों को आगाह किया
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. अभिनेता अनूप सोनी ने रविवार को कहा कि सोशल मीडिया पर उनके नाम से आईपीएल सट्टेबाजी को बढ़़ावा देने वाला एक वीडियो “पूरी तरह से फर्जी” है. उन्होंने प्रशंसकों को इंटरनेट पर “हेरफेर” वाली सामग्री से सावधान रहने को कहा. उन्होंने कहा कि कथित क्लिप उनके लोकप्रिय शो ‘क्राइम पेट्रोल’ से ली गई है. वीडियो कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तकनीक का उपयोग करके बनाया गया प्रतीत होता है. इसमें सोनी मौजूदा इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैच के दौरान कथित तौर पर सट्टा लगाने के लिए एक टेलीग्राम समूह का समर्थन करते दिखते हैं. सोनी ने कहा कि अपराधियों ने अपने हितों की पूर्ति के लिए सोनी टीवी की लंबे समय से जारी सच्ची अपराध संकलन श्रृंखला ‘क्राइम पेट्रोल’ के एक पुराने वीडियो में उनकी आवाज के साथ छेड़छाड़ की है.

उन्होंने कहा, “यह पूरी तरह से फर्जी वीडियो है और हम सभी को इस बारे में सतर्क रहना होगा कि इन दिनों चीजों में कैसे और किस हद तक हेरफेर किया जा रहा है.” ‘क्राइम पेट्रोल’ के पूर्व प्रस्तोता ने एक बयान में कहा, “आवाज पूरी तरह से ऐसी लगती है जैसे मैं ही कह रहा हूं. यहां तक ??कि वीडियो क्लिप भी ‘क्राइम पेट्रोल’ की हैं. कृपया सतर्क रहें.” अनूप सोनी नवीनतम सार्वजनिक हस्ती हैं, जिनके वीडियो में एआई का उपयोग करके छेड़छाड़ की गई है. पिछले कुछ महीनों में अभिनेता आमिर खान, रणवीर सिंह, अल्लू अर्जुन, आशुतोष राणा, कैटरीना कैफ और रश्मिका मंदाना के साथ-साथ केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी डीपफेक तकनीक का शिकार हो चुके हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu