मनिका कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 24वीं विश्व रैंकिंग पर

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 14 May 2024 07:18 PM
मनिका कैरियर की सर्वश्रेष्ठ 24वीं विश्व रैंकिंग पर
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. शीर्ष महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी मनिका बत्रा सऊदी स्मैश में शानदार प्रदर्शन के बाद कैरियर की सर्वश्रेष्ठ एकल रैंकिंग 24 पर पहुंच गईं और विश्व रैंकिंग में शीर्ष 25 में जगह बनाने वाली पहली भारतीय महिला टेबल टेनिस खिलाड़ी बनीं. टूर्नामेंट से पहले 39वें स्थान पर काबिज 28 वर्षीय खेल रत्न पुरस्कार विजेता मनिका ने जेद्दा में क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई और अपने इस प्रदर्शन से 15 स्थान की लंबी छलांग लगाने में सफल रहीं.

व्यक्तिगत और टीम श्रेणियों में 2018 राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता मनिका ने सऊदी स्मैश में अंतिम आठ के सफर के दौरान कई बार की विश्व चैंपियन और ओलंपिक स्वर्ण पदक विजेता चीन की वैंग मान्यु (दूसरी वरीयता प्राप्त) को हराकर उलटफेर किया था. यह पहली बार था जब कोई भारतीय महिला खिलाड़ी टूर्नामेंट में इतनी आगे बढ़ी. मनिका को इस प्रदर्शन के लिए 350 अंक मिले. उन्होंने कहा कि इससे जुलाई में होने वाले पेरिस ओलंपिक से पहले उनका मनोबल बढेगा .

उन्होंने कहा ,” ओलंपिक खेलों से ठीक पहले कैरियर की सर्वश्रेष्ठ रैंकिंग हासिल करके शीर्ष 25 में पहुंचने से मेरी तैयारियों को बल मिलेगा .” उन्होंने कहा ,” मैं पेरिस ओलंपिक में इस प्रदर्शन को बरकरार रखना और रैंकिंग में लगातार ऊपर जाना चाहूंगी . सुधार एक सतत प्रक्रिया है और मैं इसे लेकर प्रतिबद्ध हूं .” इससे पहले मनिका ने इंस्टाग्राम पोस्ट में अपनी सफलता के लिए अपने कोच अमन बालगु और बेलारूस के ट्रेनिंग जोड़ीदार किरिल बारबानोव को भी धन्यवाद दिया. उन्होंने कहा, ”आपके आशीर्वाद और समर्थन के लिए सभी को धन्यवाद. विशेष रूप से निरंतर समर्थन के लिए मेरे कोच अमन बालगु, मेरे साथी किरिल बारबानोव और मेरे परिवार को. पेरिस 2024 की तरफ आगे और ऊपर बढ़ी.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu