एकमात्र गारंटी यह है कि मोदी सत्ता में नहीं लौट रहे : ममता

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 14 May 2024 08:45 PM
एकमात्र गारंटी यह है कि मोदी सत्ता में नहीं लौट रहे : ममता
ऑडियो सुनें

कल्याणी. तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) प्रमुख ममता बनर्जी ने मंगलवार को कहा कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ 300 से अधिक लोकसभा सीट जीतकर केंद्र में अगली सरकार बनाएगा और “एकमात्र गारंटी यह है कि नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री के तौर पर तीसरा कार्यकाल नहीं मिलेगा.” पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री बनर्जी ने नदिया जिले के कल्याणी में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर संदेशखालि मुद्दे पर झूठ फैलाने और राज्य की महिलाओं की छवि खराब करने का आरोप लगाया.

उन्होंने कहा, ”लोकसभा चुनाव में एकमात्र गारंटी यह है कि मोदी सत्ता में वापस नहीं आ रहे हैं. ‘इंडिया’ गठबंधन 295 से 315 के बीच सीट हासिल करेगा, जबकि भाजपा अधिकतम 200 तक ही सीमित रहेगी.” संदेशखालि मुद्दे को लेकर मोदी पर निशाना साधते हुए, बनर्जी ने कहा, “भाजपा और प्रधानमंत्री इस मुद्दे पर झूठ फैला रहे हैं. ‘गारंटी बाबू’ (मोदी की गारंटी पर निशाना साधते हुए) पश्चिम बंगाल को बदनाम कर रहे हैं. अब, जब सच्चाई सामने आ रही है (कथित वीडियो की ओर इशारा करते हुए), वे टेलीविजन चैनल से उन्हें नहीं दिखाने के लिए कह रहे हैं. वे सच्चाई को छिपाने की कोशिश कर रहे हैं. भाजपा ने राज्य की महिलाओं की छवि खराब करने की साजिश रची है.”

मोदी ने रविवार को चुनावी सभाओं में आरोप लगाया था कि टीएमसी संदेशखालि में “अपने पिछले कुकर्मों को छिपाने की कोशिश कर रही है”, जहां सत्तारूढ़ पार्टी के नेताओं पर यौन उत्पीड़न और जमीन हड़पने के आरोप लगे हैं. हाल ही में सोशल मीडिया पर कई ऐसे वीडियो सामने आए थे, जिसमें दावा किया गया कि भाजपा के एक स्थानीय नेता ने संदेशखालि की कई महिलाओं से कोरे कागजों पर हस्ताक्षर कराये, जिन्हें बाद में टीएमसी नेताओं के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायतों के रूप में भर दिया गया और महिलाओं को विरोध प्रदर्शन में भाग लेने के लिए पैसे दिए गए.

पीटीआई उन वीडियो की प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं कर सकी. बनर्जी ने राज्य में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) और राष्ट्रीय नागरिक पंजी (एनआरसी) के क्रियान्वयन पर अपना विरोध दोहराया. उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, “वे हर चीज में दखल दे रहे हैं, चाहे वह हमारी धार्मिक प्रथाएं हों या खान-पान की आदतें. वे तय करना चाहते हैं कि हमें क्या खाना चाहिए और क्या नहीं. यह अस्वीकार्य है. यह ज्यादा लंबा नहीं चल सकता.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu