कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने किया तंज : ‘कहा- अच्छी बात है कि मोदी ‘600 पार’ नहीं कह रहे’

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 15 May 2024 06:10 PM
कांग्रेस अध्यक्ष खरगे ने किया तंज : ‘कहा- अच्छी बात है कि मोदी ‘600 पार’ नहीं कह रहे’
ऑडियो सुनें

रायबरेली. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘400 पार’ के नारे का तंज करते हुए बुधवार को कहा कि यह अच्छी बात है कि मोदी ‘600 पार’ नहीं कह रहे हैं. कांग्रेस अध्यक्ष ने रायबरेली लोकसभा क्षेत्र स्थित हरचंदपुर के सराय उमर में एक चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की आलोचना करते हुए दावा किया कि जून के पहले सप्ताह में मोदी सरकार को अलविदा कहने के बाद विपक्षी गठबंधन इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इंक्लूसिव अलायंस (इंडिया) की सरकार सत्ता में आएगी.

खरगे ने इस लोकसभा चुनाव में 400 से ज्यादा सीटें जीतने से संबंधित प्रधानमंत्री मोदी के ‘400 पार’ के नारे पर तंज भरे अंदाज में कहा, ”अच्छा है कि मोदी 600 पार नहीं कह रहे हैं, क्योंकि लोकसभा में सीटों की संख्या 543 ही है.” उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी सरकार गरीबों से कट गई है और मुट्ठी भर उद्योगपतियों के हित के लिए काम कर रही है. कांग्रेस अध्यक्ष ने दोहराया कि अगर ‘इंडिया’ गठबंधन सत्ता में आता है तो भाजपा सरकार द्वारा गरीबों को दिए जाने वाले मुफ्त राशन की मात्रा को दोगुना कर दिया जायेगा .

उन्होंने मोदी सरकार की गरीबों को हर महीने पांच किलोग्राम राशन देने की योजना का जिक्र किया और कहा, ”कांग्रेस खाद्य सुरक्षा कानून लेकर आई थी. आपने (मोदी सरकार ने) कुछ नहीं किया.” खरगे ने कहा, ”आप पांच किलो राशन दे रहे हैं, अगर ‘इंडिया’ गठबंधन की सरकार बनी तो हम गरीबों को 10 किलो राशन देंगे.” राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने को लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष पर कसे गये तंज के बाद पलटवार करते हुये खरगे कहा कि सच्चाई यह है कि मोदी ने स्वयं गुजरात को छोड़ कर उत्तर प्रदेश के वाराणसी संसदीय क्षेत्र को चुना.

खरगे ने रायबरेली से कांग्रेस उम्मीदवार राहुल गांधी के लिए वोट मांगते हुए कहा कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी ने रायबरेली में विकास की शुरुआत की. उन्होंने कहा कि मोदी सरकार रायबरेली और अमेठी में किये गये कार्यों की सूची दे. उन्होंने कहा कि मोदी ने किसानों की आय दोगुनी करने और बेरोजगार युवाओं को हर साल दो करोड़ नौकरियां देने का वादा किया था मगर उन्हें पूरा नहीं किया. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सत्ता में आने के बाद विपक्षी गठबंधन सरकार सरकारी विभागों और सार्वजनिक क्षेत्र के संस्थानों में खाली पड़े 30 लाख पदों पर भर्ती करेगी. इनमें से आधे पदों पर कमजोर वर्ग के लोगों को नौकरी दी जाएगी.

उन्होंने कहा, ”अगर विपक्ष के नेतृत्व वाली सरकार सत्ता में आती है तो वह अपने सभी वादे पूरे करेगी. यह मोदी की गारंटी की तरह नहीं है जो कभी पूरी नहीं होती.” खरगे ने भाजपा सरकार के नारे ‘मोदी है तो मुमकिन है’ का भी जिक्र करते और तंजिया अंदाज में कहा कि इस नारे का मतलब है कि अगर मोदी है तो यह निश्चित है कि पेट्रोल, डीजल और उर्वरक की कीमतें और बढ़ेंगी. उन्होंने महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के तहत कामगारों को किये जाने वाले प्रतिदिन भुगतान को बढ़ाकर 400 रुपये करने और छोटे किसानों का कर्ज माफ करने का वादा दोहराया.

खरगे ने गरीब परिवारों की बुजुर्ग महिला को 8500 रुपये प्रति माह यानी प्रति वर्ष एक लाख रुपये देने की भी बात कही. कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा के कुछ नेता गरीबों को सुरक्षा प्रदान करने वाले संविधान को बदलने की बात कर रहे हैं. रायबरेली में कांग्रेस प्रत्याशी राहुल गांधी के मुकाबले में भाजपा के दिनेश प्रताप सिंह चुनाव मैदान में हैं. रायबरेली में पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होना है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu