‘कल्कि 2898 एडी’ में पौराणिक कथाओं और विज्ञान का मिश्रण सपने से कम नहीं: नाग अश्विन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 11 Jun 2024 08:55 PM
‘कल्कि 2898 एडी’ में पौराणिक कथाओं और विज्ञान का मिश्रण सपने से कम नहीं: नाग अश्विन
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. फिल्म निर्माता नाग अश्विन का कहना है कि उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म “कल्कि 2898 एडी” भारतीय पौराणिक कथाओं और विज्ञान कथाओं का मिश्रण है और यह एक ऐसा सपना है जो उनके कलाकारों और सहयोगियों के समर्पण से साकार हुआ है. पहले इस फिल्म का नाम “प्रोजेक्ट के” रखा गया था. यह एक बहुभाषी बड़े बजट की ‘साइंस-फिक्शन’ फिल्म है, जिसमें प्रभास, दीपिका पादुकोण, अमिताभ बच्चन और कमल हासन मुख्य भूमिका में हैं. वैजयंती मूवीज के सी. अश्विनी दत्त ने इस फिल्म का निर्माण किया है. सोमवार शाम को सोशल मीडिया पर ‘कल्कि 2898 एडी’ का ट्रेलर तेलुगू, हिंदी, तमिल, मलयालम, कन्नड और अंग्रेजी भाषा में लॉन्च किया गया.

तीन मिनट और तीन सैकेंड के इस ट्रेलर में क्षितिज पर आने वाले ‘नये युग’ और आसन्न युद्ध को लेकर एक काल्पनिक कथानक को दर्शाया गया है. फिल्म निर्माता अश्विन ने कहा कि “कल्कि 2898 एडी” का ट्रेलर तो केवल एक झलक मात्र है. अपने बयान में फिल्म निर्माता ने कहा, “आज मेरा दिल बहुत सारी भावनाओं से भर गया है. एक फिल्म निर्माता के रूप में, मैं हमेशा भारतीय पौराणिक कथाओं और विज्ञान कथाओं की ओर आर्किषत रहा हूं. फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में इन दो तत्वों का विलय किसी सपने से कम नहीं है और यह सब संभव हो पाया है हमारे कलाकारों और टीम की अविश्वसनीय प्रतिभा और समर्पण से.”

उन्होंने आगे कहा, “आज इस खुशी भरे दिन को देखने के लिए हमें बहुत मेहनत करनी पड़ी. हमारे निर्माताओं और स्टार कास्ट से लेकर शानदार रचनात्मक सोच वाले लोगों और ‘कल्कि 2898 एडी’ की पूरी टीम तक, हर व्यक्ति ने इस फिल्म में अपने दिल से काम किया है. हमें उम्मीद है कि ट्रेलर तेलुगू दर्शकों और पूरे देश को गौरवान्वित करेगा.” “कल्कि 2898 एडी” 27 जून को बड़े पर्दे पर रिलीज हो रही है. इस फिल्म में शाश्वत चटर्जी, दिशा पटानी, ब्रह्मानंदम और राजेंद्र प्रसाद जैसे कलाकार भी दिखाई देंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu