अंकिता ने क्वार्टरफाइनल में पहुंचकर व्यक्तिगत ओलंपिक कोटा हासिल किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Jun 2024 07:31 PM
अंकिता ने क्वार्टरफाइनल में पहुंचकर व्यक्तिगत ओलंपिक कोटा हासिल किया
ऑडियो सुनें

अंताल्या. भारतीय तीरंदाज अंकिता भकत ने रविवार को यहां फिलीपींस की गैब्रियल मोनिका बिडौर को हराकर अंतिम ओलंपिक क्वालीफायर के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश करते ही अगले महीने होने वाले पेरिस ओलंपिक के लिए महिला वर्ग में व्यक्तिगत कोटा हासिल कर लिया.

नौवीं वरीय अंकिता ने प्री क्वार्टर फाइनल में 40वीं वरीयता प्राप्त प्रतिद्वंद्वी गैब्रियल पर 6-0 (26-23, 28-22, 28-23) से जीत हासिल की. भारत ने इस तरह पुरुष और महिला दोनों वर्गों में व्यक्तिगत कोटा हासिल कर लिया है. धीरज बोम्मादेवरा ने इससे पहले एशियाई क्वालीफाइंग चरण से पुरुष व्यक्तिगत कोटा हासिल किया था.

इससे पहले अंकिता ने इजराइल की शेली हिल्टन को 6-4 (24-26, 25-25, 28-20, 25-25, 27-25) और मिकाएला मोशे को 7-3 (28-25, 25-27, 27-27, 28-25, 26-25) से हराकर अंतिम 16 में जगह बनायी थी. अब वह क्वार्टरफाइनल में ईरान की शीर्ष वरीय मोबिना फलाह से भिड़ेंगी.

तीसरी वरीय भजन कौर भी पोडियम स्थान हासिल करने की दौड़ में चल रही हैं. उन्होंने मंगोलिया की उरानटुंगलाग बिशिन्डी को 6-2 (29-27, 28-26, 26-29, 27-24) से हराया और प्री क्वार्टरफाइनल में स्लावेनिया की उर्सका काविच से भिड़ेंगी. उन्हें राउंड 32 के तीसरे दौर में बाई मिली थी. व्यक्तिगत कोटे शीर्ष आठ देशों को दिये जाते हैं. प्रत्येक देश को एक व्यक्तिगत कोटा मिलता है. इससे पहले भारतीय की शीर्ष महिला तीरंदाज दीपिका कुमारी को शुरुआती दौर में अजरबेजान की यायागुल रामजानोवा से शर्मनाक हार झेलनी पड़ी. दूसरी वरीय दीपिका को अजरबेजान की तीरंदाज ने 6-4 (26-28, 25-27, 23-26, 24-25, 27-29) से मात दी.

टीम के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, ”उपकरण संबंधित कोई खराबी नहीं थी, लेकिन खराब रिलीज के कारण ऐसा हुआ. यह दबाव के कारण या किसी और वजह से हो सकता है. ” भारतीय पुरुष और महिला टीम अंतिम ओलंपिक क्वालीफायर से कोटा हासिल नहीं कर सकी थीं. लेकिन अगर दोनों टीम अपनी विश्व रैंकिंग बरकरार रखती हैं तो वे 24 जून की अंतिम तारीख तक पेरिस ओलंपिक में जगह बना सकती हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu