अमेरिका के डेट्रॉयट उपनगर में गोलीबारी में नौ लोग घायल

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 16 Jun 2024 07:29 PM
अमेरिका के डेट्रॉयट उपनगर में गोलीबारी में नौ लोग घायल
ऑडियो सुनें

रोचेस्टर हिल्स. अमेरिका में मिशिगन के डेट्रॉयट शहर में शनिवार को एक ‘स्प्लैश पैड’ (मनोरंजन पार्क) में गोलीबारी की घटना में दो बच्चों और उनकी मां समेत नौ लोग घायल हो गए, जिनमें से एक बच्चे की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.

घटना को अंजाम देने के बाद संदिग्ध एक घर में छिप गया, जिसके बाद कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने घर को घेर लिया. अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध ने आत्महत्या कर ली. ओकलैंड काउंटी के शेरिफ माइक बाउचार्ड ने संवाददाता सम्मेलन में शनिवार रात बताया कि सिर में गोली लगने से आठ-वर्षीय एक बच्चे की हालत गंभीर है. उन्होंने कहा कि बच्चे की मां की हालत भी गंभीर है और बच्चे का चार-वर्षीय भाई भी घायल हुआ है.

अधिकारियों ने शुरुआत में बताया था कि गोलीबारी की घटना में 10 लोग घायल हुए हैं, लेकिन बाद में क्षेत्रीय अस्पतालों से आंकड़ा जुटाने के बाद यह संख्या कम कर दी गई. बाउचार्ड ने कहा कि अन्य घायलों की हालत स्थिर है, जिनमें एक दंपती और 78-वर्षीय एक बुजुर्ग व्यक्ति भी शामिल है. गोलीबारी की यह घटना शाम पांच बजे के बाद शहर के एक पार्क में हुई, जहां गर्मी से राहत पाने के लिए लोग जलस्रोत का आनंद उठा रहे थे.

बाउचार्ड ने बताया कि आरोपी गाड़ी से पार्क तक आया और जलस्रोत पर पहुंचने के बाद उसने अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं.
उन्होंने एक प्रत्यक्षदर्शी के हवाले से बताया कि हमलावर ने दो बंदूकों का इस्तेमाल कर गोलीबारी की, लेकिन इस बात की अभी तक पुष्टि नहीं हुई है.

बाउचार्ड ने कहा, ”घटना के बाद पार्क में हर तरफ अफरातफरी मच गई और लोग भागने की कोशिश करने लगे. इस दौरान गिरने से कई लोग घायल हो गए.” उन्होंने कहा, ”वारदात को अंजाम देने के बाद बंदूकधारी आराम से अपनी कार की तरफ गया और वहां से फरार हो गया.” बाउचार्ड ने बताया कि अधिकारियों ने हमलावर की कार और उस घर का पता लगा लिया, जहां वह छिपा हुआ था.
उन्होंने कहा कि पुलिस ने घर को घेर लिया और अंदर मौजूद संदिग्ध से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ.

बाउचार्ड ने कहा कि घर के अंदर ड्रोन भेजा गया और फिर जब अधिकारी अंदर दाखिल हुए तो संदिग्ध मृत अवस्था में मिला.
घर के अंदर से एक और हथियार बरामद हुआ. बाउचार्ड ने इस घटना को क्षेत्र के लिए ”एक बड़ा झटका” बताया. शेरिफ ने कहा, ”हम इस तरह की कई घटनाओं का सामना कर चुके हैं.” मिशिगन की गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा कि गोलीबारी की घटना के बारे में जानकर दुख हुआ और वह स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं.

बाउचार्ड के अनुसार, संदिग्ध व्यक्ति रोचेस्टर हिल्स में नहीं रहता था और जांचकर्ताओं को अभी तक यह पता नहीं चल पाया है कि वह स्प्लैश पैड पर क्यों गया था. अधिकारियों ने उस व्यक्ति का नाम नहीं बताया. बाउचार्ड ने बताया कि वह 42 वर्षीय श्वेत व्यक्ति था और अधिकारियों का मानना ??है कि वह अपनी मां के साथ रहता था. उन्होंने बताया कि उस व्यक्ति की मां को सूचित कर दिया गया है.

पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेर लिया है और सुरक्षा बढ.ा दी है. रोचेस्टर हिल्स, ऑक्सफोर्ड से लगभग 15 मील (24 किलोमीटर) दक्षिण में है, जहां 2021 में 15 वर्षीय एक लड़के ने चार हाईस्कूल छात्रों की गोली मारकर हत्या कर दी थी. मिशिगन की गवर्नर ग्रेचेन व्हिटमर ने सोशल मंच ‘एक्स’ पर कहा कि गोलीबारी की खबर सुनकर वह बहुत दुखी हैं और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu