इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में दूसरा सबसे महंगा ओवर फेंका

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 26 Jun 2024 09:44 PM
इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन ने प्रथम श्रेणी क्रिकेट में दूसरा सबसे महंगा ओवर फेंका
ऑडियो सुनें

ब्राइटन. इंग्लैंड के तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने बुधवार को काउंटी चैम्पियनशिप मैच में 43 रन लुटाकर प्रथम श्रेणी क्रिकेट इतिहास में दूसरा सबसे महंगा ओवर फेंकने का अनचाहा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया. दायें हाथ के गेंदबाज रॉबिन्सन (30 वर्ष) ने इंग्लैंड के लिए 2021 में पदार्पण के बाद 20 टेस्ट खेले हैं. उन्होंने होव में यहां ससेक्स के लिए खेलते हुए लीसेस्टरशर के खिलाफ डिवीजन दो मैच में अपना ओवर पूरा करने के लिए कुल नौ गेंद फेंकी जिन पर 43 रन बने.

लीसेस्टरशर के लुईस किम्बर ने रॉबिन्सन पर दो छक्के, छह चौके और एक रन से 43 रन बनाये. रॉबिन्सन ने तीन नोबॉल फेंकी. यह लीसेस्टशर का 464 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दूसरी पारी का 59वां ओवर था तब किम्बर 56 गेंद में 72 रन बनाकर बल्लेबाजी कर रहे थे. यह रॉबिन्सन का 13वां ओवर था जिसमें 6, नोबॉल पर चौका (6 रन), 4, 6, 4, नोबॉल पर चौका (6 रन), 4, नोबॉल पर चौका (6 रन) और एक रन बना. काउंटी क्रिकेट में नोबॉल के लिए दो रन की पेनल्टी लगायी जाती है. रॉबिन्सन के इस ओवर के पूरा होने के बाद किम्बर ने 65 गेंद में नाबाद 109 रन बना लिये थे. बेन कॉक्स दूसरे छोर पर बल्लेबाजी कर रहे थे.

इस तरह रॉबिन्सन ने इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक रन लुटाने रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. उन्होंने पूर्व टेस्ट तेज गेंदबाज एलेक्स ट्यूडर के 38 रन देने के ओवर के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया. 1998 में सरे बनाम लंकाशर मैच में एंड्रयू फ्लिंटॉफ ने ट्यूडर के ओवर में 34 रन बनाये थे. किम्बर ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी जारी रखते हुए काउंटी क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक और इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स के काउंटी पारी में सबसे ज्यादा छक्के (18) लगाने के रिकॉर्ड को तोड़ दिया.

किम्बर आउट होने वाले अंतिम खिलाड़ी रहे. उन्होंने 127 गेंदों में 20 चौके और 21 छक्कों की मदद से 243 रन बनाये. ससेक्स ने 18 रन से जीत दर्ज कर मैच अपने नाम कर लिया. सोमवार को इंग्लैंड के स्पिनर शोएब बशीर ने 38 रन लुटाये थे और डैन लॉरेंस ने दायें हाथ के इस गेंदबाज पर लगातार पांच छक्के लगाये थे. बशीर ने डिवीजन वन मैच में पांच वाइड, एक नोबॉल भी फेंकी और एक रन दिया.

प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में सबसे महंगा ओवर 1990 में डाला गया था. वेलिंगटन और कैंटरबरी के बीच शेल ट्रॉफी मैच के दौरान न्यूजीलैंड के पूर्व ऑफ ब्रेक गेंदबाज वर्ट वांस ने 77 रन लुटाये थे जिन्होंने उस ओवर में 17 नोबॉल फेंकी थीं. वांस ने न्यूजीलैंड के लिए चार टेस्ट और आठ वनडे खेले.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu