नीट-यूजी विवाद: एनएसयूआई के सदस्यों ने एनटीए के दफ्तर में घुसकर की नारेबाजी

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 27 Jun 2024 08:10 PM
नीट-यूजी विवाद: एनएसयूआई के सदस्यों ने एनटीए के दफ्तर में घुसकर की नारेबाजी
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. कांग्रेस की छात्र शाखा एनएसयूआई के सदस्य नीट-यूजी और यूजीसी-नेट परीक्षाओं के आयोजन में कथित अनियमितताओं को लेकर विवादों में घिरी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) के मुख्यालय में घुस गए और विरोध स्वरूप इसके दरवाजे बंद कर दिए. इसके बाद वहां पहुंची पुलिस स्थिति पर काबू पाने की कोशिश कर रही है.

नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) के सदस्यों ने अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के नेतृत्व में ओखला स्थित एजेंसी के कार्यालय में घुसकर “एनटीए बंद करो” के नारे लगाए. इस घटना के बारे में एनटीए के अधिकारियों की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई. एनएसयूआई द्वारा साझा किए गए वीडियो में उसके कई सदस्य एनटीए की इमारत के अंदर नारे लगाते हुए दिखाई दिए. इसमें छात्र एनटीए कार्यालय के प्रवेश द्वार पर ताला लगाते हुए भी दिखाई दिए.

लोहे के ताले और चेन पर लिखा था, “अब और भ्रष्टाचार मत करो एनटीए. एनटीए पर प्रतिबंध लगाओ.” पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस मौके पर पहुंच गई है और स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रही है. अधिकारी ने कहा, “ऐसा प्रतीत हो रहा है कि एनटीए ने छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था. इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने भी लोहे की चेन और ताला लगाकर बाहर से दरवाजा बंद कर दिया.” यह विरोध प्रदर्शन एनटीए द्वारा आयोजित नीट-यूजी, नीट-पीजी और यूजीसी-नेट जैसी राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की खबरों के मद्देनजर किया गया.

चौधरी ने विरोध प्रदर्शन में अपने संबोधन के दौरान कहा, “एनटीए की अक्षमताओं और लापरवाही के कारण देश भर के छात्र पीड़ित हैं. बार-बार परीक्षा स्थगित होना और पेपर लीक होना केवल प्रशासनिक विफलता नहीं है, यह हमारे युवाओं के भविष्य पर सीधा हमला है. हम मांग करते हैं कि एनटीए पर प्रतिबंध लगाया जाए और अधिक विश्वसनीय, पारदर्शी प्रणाली लागू की जाए.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu