IND vs ENG: ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत ने इंग्लैंड से भी लिया बदला, 10 साल बाद T20 विश्व कप के फाइनल में बनाई जगह

Author: www.navabharat.news
UPDATED: Fri, 28 Jun 2024 09:25 AM
IND vs ENG: ऑस्ट्रेलिया के बाद भारत ने इंग्लैंड से भी लिया बदला, 10 साल बाद T20 विश्व कप के फाइनल में बनाई जगह
ऑडियो सुनें

IND vs ENG Result T20 World Cup 2024: भारतीय टीम तीसरी बार टी20 विश्व कप के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2007 और 2014 में टीम इंडिया ने फाइनल खेला था। दोनों संस्करण में महेंद्र सिंह धोनी कप्तान रहे थे। अब टीम इंडिया 10 साल बाद रोहित शर्मा की कप्तानी में फाइनल में पहुंची है। भारतीय टीम एक साल के अंदर लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंची है। इससे पहले 2023 वनडे विश्व कप में भी टीम इंडिया फाइनल में पहुंची थी। वहीं, इंग्लैंड को भारत ने लगातार दूसरे आईसीसी टूर्नामेंट में शिकस्त दी है। इससे पहले टीम इंडिया ने 2023 वनडे विश्व कप में भी इंग्लैंड को हराया था।

भारतीय पारी
इससे पहले कप्तान रोहित शर्मा (57 रन) के कम उछाल वाली पिच पर खेली गई अर्धशतकीय पारी से भारत ने टी20 क्रिकेट विश्व कप के बारिश से प्रभावित दूसरे सेमीफाइनल में गत चैम्पियन इंग्लैंड के खिलाफ सात विकेट पर 171 रन का स्कोर खड़ा किया था। विराट कोहली (09) पारी को तेजी देने के प्रयास में फिर जल्दी आउट हो गए, लेकिन रोहित (39 गेंद) को सूर्यकुमार यादव (36 गेंद पर 47 रन) के रूप में अच्छा जोड़ीदार मिला। दोनों ने भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया।

बारिश के कारण खेल एक घंटे 15 मिनट की देरी से शुरू हुआ। बीच में फिर बारिश ने बाधा डाली तब भारत का स्कोर आठ ओवर में दो विकेट पर 65 रन था। कोहली और रोहित बल्लेबाजी के लिए उतरे, तभी स्पष्ट हो गया कि पिच धीमी थी और कम उछाल ने बल्लेबाजों के लिए काम मुश्किल बना दिया। रोहित और कोहली दोनों ने पारी की शुरुआत में रीस टॉप्ली और जोफ्रा आर्चर की तेज गेंदबाजी जोड़ी की गेंदों को मारने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो सके।

गेंदबाजों पर दबदबा बनाने की उत्सुकता दिखाने वाले कोहली ने टॉप्ली और आर्चर दोनों के खिलाफ शॉट लगाने के प्रयास किए, लेकिन सफलता नहीं मिली। उन्होंने आखिरकार टॉप्ले की एक फुल लेंथ गेंद को मिड विकेट पर छक्के के लिए भेजा। पर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज की शार्ट लेंथ गेंद पर भारत का यह सुपरस्टार दो गेंद बाद आउट हो गया। कोहली ने ऑन साइड पर वही स्ट्रोक लगाने की कोशिश की, लेकिन बोल्ड हो गए। इससे टूर्नामेंट में उनका खराब प्रदर्शन जारी रहा।

वहीं, रोहित ने परिस्थितियों के साथ बेहतर तालमेल बिठाया और गेंद को देर से और स्टंप के पीछे खेलने का फैसला किया। अन्य बल्लेबाजों के लिए उदाहरण पेश करते हुए रोहित ने टॉप्ले के तीसरे ओवर में लगातार दो चौके जमाए और फिर इंग्लैंड के मुख्य स्पिनर आदिल रशीद पर दबाव बनाया। भारत ने पावरप्ले में दो विकेट पर 46 रन बनाए। ऋषभ पंत (04) आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज थे। सैम करन की गेंद को सही टाइम नहीं कर सके और मिडविकेट पर कैच दे बैठे।

फिर रोहित और रशीद के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। भारतीय कप्तान ने इस लेग स्पिनर के शुरुआती ओवर में दो चौके जमाए। सूर्यकुमार यादव 13 रन पर बल्लेबाजी कर रहे थे, तभी बारिश आ गयी। इससे खेल एक घंटे से अधिक समय तक रुका रहा। बारिश ने बल्लेबाजों की लय बिगाड़ दी और इस ब्रेक के बाद इंग्लैंड ने रशीद और लियाम लिविंगस्टोन का दोनों छोर से अच्छा इस्तेमाल किया। लेकिन रोहित और सूर्यकुमार को रोक नहीं सके।

करन के 13वें ओवर में भारत ने 19 रन बनाये, जिसमें सूर्यकुमार ने दो छक्के और रोहित ने पिक-अप शॉट से छक्का लगाया जिससे उनका लगातार दूसरा अर्धशतक भी पूरा हुआ। इन दोनों ने 73 रन की साझेदारी निभायी जो रोहित के रशीद की गुगली पर आउट होने से टूटी। हार्दिक पांड्या (13 गेंद पर 23 रन) ने पिच के दोनों ओर दो छक्के लगाकर पारी को आगे बढ़ाया।

शिवम दुबे से पहले उतारे गए रवींद्र जडेजा (नौ गेंद पर नाबाद 17 रन) ने आर्चर के ओवर में दो महत्वपूर्ण चौके लगाये। वहीं दुबे केवल एक गेंद खेलकर आउट हो गए। आखिरी ओवर में क्रिस जॉर्डन की गेंद पर अक्षर पटेल के छक्के ने भारत 170 के पार पहुंचा। टीम ने आखिरी पांच ओवरों में 53 रन बनाए।

इंग्लैंड की पारी
172 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की टीम को कप्तान जोस बटलर और फिल सॉल्ट ने तेज शुरुआत दिलाई। दोनों ने तीन ओवर में 26 रन जोड़ लिए थे। इसके बाद अक्षर पटेल गेंदबाजी के लिए आए और मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने बटलर (23), बेयरस्टो (0) और मोईन अली (8) को आउट किया। वहीं, जसप्रीत बुमराह ने फिल सॉल्ट और कुलदीप यादव ने सैम करन (2) को आउट किया।

26/0 से इंग्लैंड का स्कोर नौवें ओवर में 49 पर पांच विकेट हो गया। इसके बाद हैरी ब्रूक ने जमने की कोशिश की, लेकिन कुलदीप ने उन्हें भी पवेलियन भेजा। ब्रूक ने 19 गेंद में सबसे ज्यादा 25 रन बनाए। लियम लिविंगस्टोन 11 रन, क्रिस जॉर्डन एक रन, आदिल रशीद दो रन और जोफ्रा आर्चर 21 रन बनाकर आउट हुए। भारत की ओर से अक्षर पटेल और कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए। वहीं, जसप्रीत बुमराह को दो विकेट मिला। अक्षर को उनकी शानदार गेंदबाजी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच अवॉर्ड दिया गया।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By www.navabharat.news