कोहली और रोहित ने विश्व कप जीतने के बाद टी20 क्रिकेट को अलविदा कहा

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 30 Jun 2024 06:13 PM
कोहली और रोहित ने विश्व कप जीतने के बाद टी20 क्रिकेट को अलविदा कहा
ऑडियो सुनें

ब्रिजटाउन. भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गजों कप्तान रोहित शर्मा और सुपरस्टार विराट कोहली ने टीम को टी20 विश्व कप दिलाने में अहम भूमिका निभाने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से विदा ले ली . कोहली ने 59 गेंद में दो छक्कों और छह चौकों की मदद से 76 रन बनाये और दक्षिण अफ्रीका पर फाइनल में सात रन से मिली जीत में प्लेयर आफ द मैच रहे . पुरस्कार लेने के बाद उन्होंने कहा कि यह उनका आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच था .

इसके बाद रोहित ने भी यह कहकर विदा ली कि उनका लक्ष्य हासिल हो गया है और यह अलविदा कहने का सही समय है . कोहली ने कहा ,” यह मेरा आखिरी टी20 विश्व कप है . हम इसे जीतना चाहते थे . यह अद्भुत खेल हैं . जब हम बल्लेबाजी करने उतरे तो मैं रोहित से कह रहा था कि एक दिन आपको ऐसा लगता है कि आप रन नहीं बना पा रहे और ऐसा होता है .ईश्वर महान है . मैं कृतज्ञता से सिर झुकाता हूं . मैं शुक्रगुजार हूं कि जिस दिन सबसे ज्यादा जरूरी था, मैं टीम के लिये योगदान दे सका .” रोहित ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा ,” यह मेरा भी आखिरी मैच था . विदा लेने का यह एकदम सही समय है . मैं हर हालत में खिताब जीतना चाहता था . इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकता .”

उन्होंने कहा ,” मैं यही चाहता था और यह हो गया . मैं अपने जीवन में इसके लिये बहुत बेताब था . खुशी है कि इस बार हम जीत सके .” रोहित 2022 टी20 विश्व कप में भी कप्तान थे जब भारत को सेमीफाइनल में इंग्लैंड ने हराया था. इसके एक साल बाद 50 ओवरों के विश्व कप में रोहित की कप्तानी वाली भारतीय टीम फाइनल में आस्ट्रेलिया से हार गई . रोहित ने टी20 क्रिकेट में 159 मैच खेलकर 4231 रन बनाये जिसमें पांच शतक और 32 अर्धशतक शामिल है . वह टेस्ट और वनडे खेलते रहेंगे .

कोहली ने कहा ,” अब अगली पीढी के बागडोर संभालने का समय है . अगला टी20 विश्व कप दो सारल बाद है . भारत में कुछ शानदार खिलाड़ी हैं और टी20 प्रारूप में वह टीम को आगे ले जायेंगे और उसी तरह से शानदार प्रदर्शन करेंगे जैसे आईपीएल में करते देखा है.” उन्होंने कहा ,” मुझे इसमें कोई शक नहीं कि वे देश का परचम लहरायेंगे और यहां से टीम को आगे ले जायेंगे .” भारत के लिये 125 टी20 मैचों में कोहली ने 48 . 69 की औसत से 4188 रन बनाये हैं . उन्होंने एकमात्र शतक अफगानिस्तान के खिलाफ सितंबर 2022 में लगाया था .

कोहली ने कहा ,” यह अभी नहीं तो कभी नहीं वाली स्थिति थी . यह भारत के लिये मेरा आखिरी टी20 मैच था . आखिरी टी20 विश्व कप भी . हम आईसीसी टूर्नामेंट जीतना चाहते थे .” यह पूछने पर कि क्या वह इस प्रारूप से संन्यास की आधिकारिक घोषणा कर रहे हैं, उन्होंने कहा ,” बिल्कुल . यह कोई राज नहीं था . अगर हम हार भी जाते तो भी मैं ऐसा ही करता .” उन्होंने कहा ,” हमने आईसीसी टूर्नामेंट जीतने के लिये लंबा इंतजार किया है . मैं अकेला नहीं था . रोहित को देखो जिसने नौ टी20 विश्व कप खेले हैं . मेरा यह छठा था . वह इस जीत का हकदार था .” कोहली ने स्वीकार किया कि ग्रुप चरण और सुपर आठ में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाने के कारण उनमें आत्मविश्वास की कमी आ गई थी .

उन्होंने कहा ,” यह बताना मुश्किल है . इस मैच के बाद मुझे कैसा लग रहा है . मुझे पता है कि क्या हालात थे . पिछले कुछ मैचों में इतना आत्मविश्वास नहीं था और अच्छा नहनीं लग रहा था . लेकिन जब ईश्वर की कृपा होती है तो वह ऐसे रास्ते बताते हैं जिनकी आप कल्पना भी नहीं कर सकते .”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu