जो लोग मुझे एक प्रतिशत भी नहीं जानते, उन्होंने बहुत कुछ कहा : हार्दिक पंड्या

दर्शकों को अच्छा बर्ताव करने को कहा था क्योंकि हार्दिक बड़े मैचों के खिलाड़ी है: मांजरेकर

ब्रिजटाउन/नयी दिल्ली. हार्दिक पंड्या गरिमा से जीने में भरोसा करते हैं और आईपीएल में मुंबई इंडियंस के कप्तान के तौर पर उनकी नाकामी के बाद काफी कुछ कहने वाले ऐसे लोगों से भी उन्हें कोई गिला नहीं है जो उन्हें एक प्रतिशत भी नहीं जानते . आईपीएल में रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस के कप्तान बने हार्दिक को उनकी अपनी टीम के प्रशंसकों की हूटिंग झेलनी पड़ी . मुंबई प्लेआफ में जगह नहीं बना सका और बतौर कप्तान तथा खिलाड़ी उन पर सवाल उठाये गए . विश्व कप में हरफनमौला प्रदर्शन से हालांकि उन्होंने सभी को खामोश कर दिया .

उन्होंने खिताब जीतने के बाद कहा ,” मैं गरिमा में विश्वास करता हूं . जो लोग मुझे एक प्रतिशत भी नहीं जानते, उन्होंने इतना कुछ कहा . लोगों ने बोला लेकिन कोई बात नहीं . मेरा हमेशा मानना है कि शब्दों से जवाब नहीं देना चाहिये, हालात जवाब दे देते हैं .” उन्होंने कहा ,” खराब समय हमेशा नहीं रहता . गरिमा बनाये रखना जरूरी है , चाहे आप जीतें या हारें.” हार्दिक ने कहा ,” प्रशंसकों और सभी को यह सीखना होगा (शालीनता से रहना) . हमें बेहतर आचरण रखना चाहिये . मुझे यकीन है कि अब वे ही लोग खुश होंगे .”

हार्दिक ने आखिरी ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 16 रन नहीं बनाने दिये . उन्होंने कहा ,” ईमानदारी से कहूं तो मुझे मजा आ रहा था . बहुत कम लोगों को ऐसे जिंदगी बदलने वाले मौके मिलते हैं . यह दांव उलटा भी पड़ सकता था लेकिन मैं आधा भरा गिलास देखता हूं, आधा खाली नहीं .” उन्होंने कहा ,” मैं दबाव नहीं ले रहा था और अपने कौशल पर भरोसा था . यह पल हमारी किस्मत में लिखा था .” अगला टी20 विश्व कप भारत में है और हार्दिक कप्तान हो सकते हैं लेकिन वह इतने आगे की नहीं सोच रहे . उन्होंने कहा ,” 2026 में काफी समय है . मैं रोहित और विराट के लिये बहुत खुश हूं . भारतीय क्रिकेट के दो दिग्गज जो इस जीत के हकदार थे . उनके साथ इस प्रारूप में खेलने में मजा आया . उनकी कमी खलेगी लेकिन इससे बेहतर विदाई नहीं हो सकती थी .”.

दर्शकों को अच्छा बर्ताव करने को कहा था क्योंकि हार्दिक बड़े मैचों के खिलाड़ी है: मांजरेकर

भारत के पूर्व खिलाड़ी संजय मांजरेकर ने कहा कि इंडियन प्रीमियर लीग के दौरान दर्शकों को हार्दिक पंड्या के खिलाफ हूटिंग नहीं करने को कहा था क्योंकि वह बड़े मैचों के खिलाड़ी है. हार्दिक ने भारत के टी20 विश्व चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया लेकिन विश्व कप से पहले उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ा था. रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस के कप्तान नियुक्त किये जाने के बाद हर स्टेडियम में हार्दिक को हूटिंग का सामना करना पड़ा था. ऐसे ही एक मैच में टॉस के समय जब दर्शक इस हरफनमौला खिलाड़ी के खिलाफ हूटिंग करने लगे तो मांजरेकर ने उनसे अच्छा बर्ताव करने के लिए कहा. वह चाहते थे कि दर्शकों को यह एहसास हो कि वे अपने अभद्र व्यवहार से ‘बड़े मैचों के खिलाड़ी’ को निशाना बना रहे है जो अनुचित था.

पंड्या ने 144 रन बनाने के साथ 11 विकेट लेकर भारत को दूसरी टी20 विश्व कप ट्रॉफी दिलाने में अहम योगदान दिया और मांजरेकर अब सही साबित हुए हैं. मांजरेकर ने ‘ईएसपीएनक्रिकइन्फो’ से कहा, ”हार्दिक पंड्या के जीवन में शानदार बदलाव आया है. आईपीएल में लोग उनका मजाक उड़ा रहे थे और उनकी आलोचना कर रहे थे और मैंने उनसे कहा कि वे अच्छा व्यवहार करें क्योंकि यह एक बड़े स्तर का खिलाड़ी है.”

भारत के पूर्व खिलाड़ी और जाने-माने खेल विशेषज्ञ को हमेशा से पता था कि पंड्या दबाव की स्थिति में धैर्य बनाए रखेंगे. पंडया खतरनाक हेनरिच क्लासेन के विकेट के साथ मैच में भारतीय टीम की वापसी करायी और फिर आखिरी ओवर में 16 रन का बचाव करते हुए शानदार गेंदबाजी की. मांजरेकर ने कहा, ”उसने हेनरिच क्लासेन, डेविड मिलर और अंत में रबाडा का विकेट चटकाया. वह एक चैंपियन खिलाड़ी है और बड़े मैचों में उनका यह प्रदर्शन आश्चर्यजनक नहीं है.”

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button