ब्रिटेन में चाकूबाजी की घटना में एक और बच्ची की मौत, मृतकों की संख्या हुई तीन

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Jul 2024 07:54 PM
ब्रिटेन में चाकूबाजी की घटना में एक और बच्ची की मौत, मृतकों की संख्या हुई तीन
ऑडियो सुनें

लंदन. ब्रिटेन पुलिस ने मंगलवार को कहा कि उत्तर-पश्चिमी इंग्लैंड के साउथपोर्ट में बच्चों की डांस क्लास में हुई चाकूबाजी की घटना में नौ साल की एक बच्ची की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है. इससे पहले, छह और सात साल की दो बच्चियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी. पांच अन्य जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे हैं. उधर, मर्सीसाइड पुलिस के जासूसों ने मामले में 17 वर्षीय संदिग्ध आरोपी को गिरफ्तार कर उससे पूछताछ की. मर्सीसाइड पुलिस ने बताया कि आज तड़के चाकू से किये गए हमले में जख्मी हुई एक और बच्ची की मौत हो गई.

मर्सीसाइड पुलिस ने कहा कि हार्ट स्ट्रीट में एक सामुदायिक केंद्र में हुई इस घटना में आठ अन्य बच्चे गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनमें से पांच की हालत गंभीर है. घटना में घायल हुए दो वयस्कों की भी हालत गंभीर है. बताया जा रहा है कि घटना के वक्त छह से 11 साल की आयु के ये बच्चे प्रख्यात गायिका टेलर स्विफ्ट के संगीत पर आधारित एक ग्रीष्मकालीन अवकाश कार्यशाला में भाग ले रहे थे. पुलिस ने कहा कि चाकूबाजी का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है और हमले को आतंकवाद से संबंधित नहीं माना जा रहा है. पुलिस ने पुष्टि की कि अधिकारी किसी और संदिग्ध की तलाश नहीं कर रहे हैं.

मर्सीसाइड पुलिस की प्रमुख कांस्टेबल सेरेना केनेडी ने कहा, “कार्डिफ (वेल्स) में जन्मे लैंकशर के 17 वर्षीय व्यक्ति को हत्या और हत्या के प्रयास के आरोप में गिरफ्तार करके थाने ले जाया गया, जहां अधिकारी उससे पूछताछ करेंगे.” इस बीच, गायिका टेलर स्विफ्ट ने कहा कि वह घटना के बारे में जानकर “पूरी तरह स्तब्ध” हैं और इस “भयावह” घटना के बारे में अब जानकारी ले रही हैं. उन्होंने ‘इंस्टाग्राम’ पर लिखा, “डांस क्लास में ये छोटे-छोटे बच्चे थे. मैं पूरी तरह असमंजस में हूं कि इनके परिवारों तक अपनी संवेदनाएं कैसे पहुंचाऊं.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu