ओलंपिक तीरंदाजी: भजन अंतिम 16 में पहुंची, अंकिता का महिला एकल में सफर खत्म

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 30 Jul 2024 08:02 PM
ओलंपिक तीरंदाजी: भजन अंतिम 16 में पहुंची, अंकिता का महिला एकल में सफर खत्म
ऑडियो सुनें

पेरिस. भारतीय तीरंदाज भजन कौर ओलंपिक के महिला एकल वर्ग में मंगलवार को यहां पोलैंड की वियोलेटा मैसजोर पर 6-0 की शानदार जीत के साथ अंतिम 16 चरण में पहुंचने में सफल रही. भजन ने अंतिम 32 दौर में मैसजोर को हराने के साथ अंकित भकत की हार का बदला चुकता किया. पोलैंड की इस तीरंदाज ने इससे पहले अंतिम 64 चरण के मैच में अंकित को 6-4 से हराया था.

भजन ने दिन के अपने शुरुआती मैच में इंडोनेशिया की साइफा नूरफीफा कमाल को 7-3 से शिकस्त देने के बाद वियोलेटा के खिलाफ अपनी लय जारी रखते हुए एकतरफा जीत दर्ज की. भजन ने वियोलेट के खिलाफ पहले सेट और तीसरे सेट में 10 अंक वाले एक-एक और दूसरे सेट में दो निशाने लगाकर अपना दबदबा बनाया. उन्होंने 28-23, 29-26, 28-22 से आसान जीत दर्ज की. इससे पहले अंतिम 64 चरण में भजन ने शुरुआती सेट में साइफा के साथ अंक साझा किये जबकि इंडोनेशिया की तीरंदाज ने दूसरे सेट को जीतकर भारतीय खिलाड़ी पर दबाव बना दिया.

क्वालीफिकेशन में 22वें स्थान पर रहने वाली भजन ने इसके बाद दबाव में शानदार खेल दिखाया. उन्होंने तीसरे सेट में अच्छी वापसी करते हुए 10-10 के दो निशाने के साथ 29 का स्कोर किया. भजन ने चौथे सेट में साइफा के 25 के मुकाबले 27 अंक जुटाकर 5-3 की बढ़त बनायी और फिर आखिरी सेट में 25 के मुकाबले 28 अंक बनाकर जीत पक्की कर ली.क्वालीफिकेशन में 11वें स्थान के साथ सर्वश्रेष्ठ भारतीय रही अंकिता पोलैंड की खिलाड़ी के खिलाफ बढ़त लेने बाद लय गंवा बैठी. पहला सेट गंवाने के बाद अंकिता ने दूसरे और तीसरे सेट को जीत कर अच्छी वापसी की थी लेकिन पोलैंड की निशानेबाज ने आखिरी दो सेट में शानदार एकाग्रता दिखाते हुए जीत दर्ज की. इससे पहले भारत की पुरुष और महिला टीमों को क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu