बीबीसी के पूर्व एंकर ने बच्चों की अश्लील तस्वीरें साझा करने के तीन मामलों में दोष स्वीकार किया

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Wed, 31 Jul 2024 08:11 PM
बीबीसी के पूर्व एंकर ने बच्चों की अश्लील तस्वीरें साझा करने के तीन मामलों में दोष स्वीकार किया
ऑडियो सुनें

लंदन. बीबीसी के पूर्व शीर्ष समाचार प्रस्तोता ह्यू एडवर्ड्स ने बच्चों की अश्लील तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा करने के तीन मामलों में बुधवार को गुनाह कबूल किया. सेंट्रल लंदन में वेस्टमिंस्टर मैजिस्ट्रेट कोर्ट में 26 मिनट की सुनवाई के दौरान उन्होंने जिन अपराधों के लिए दोष कबूल किया, उनमें दिसंबर 2020 और अगस्त 2021 के बीच व्हाट्सएप पर साझा की गई तस्वीरें शामिल थीं. ये तस्वीरें एक व्यक्ति द्वारा साझा की गई थीं, जिसने शुरुआत में सोशल मीडिया के माध्यम से एडवर्ड्स से संपर्क किया था.

एडवर्ड्स दो दशकों तक बीबीसी के रात्रिकालीन समाचार कार्यक्रमों में मुख्य एंकर रहे. उन्होंने 2022 में महारानी एलिजाबेथ द्वितीय के अंतिम संस्कार के लिए सार्वजनिक प्रसारक के कवरेज का नेतृत्व किया था. मामले में सुनवाई की अगली तारीख 16 सितंबर तक उन्हें जमानत दी गई है. उन्हें अधिकतम 10 वर्ष तक की जेल की सजा हो सकती है, हालांकि अभियोजन पक्ष ने माना कि निलंबित सजा भी उचित हो सकती है.

अदालत को बताया गया कि एडवर्ड्स (62) मैसेजिंग सेवा पर एक वयस्क व्यक्ति के साथ ऑनलाइन चैट में शामिल थे, जिसने उन्हें 377 अश्लील तस्वीरें भेजी थीं, जिनमें से 41 तस्वीरें बच्चों से संबंधित थीं. भेजी गई तस्वीरों में से सात तस्वीरें ”श्रेणी ए” की थीं. ज्यादातर बच्चों की अनुमानित उम्र 13 से 15 साल के बीच थी, लेकिन एक की उम्र सात से नौ साल के बीच थी. एडवर्ड्स को अलग-अलग शिकायतों के चलते जुलाई 2023 में बीबीसी से निलंबित कर दिया गया था. बाद में उन्होंने स्वास्थ्य कारणों से इस्तीफा दे दिया.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu