यूक्रेनी हमले में रूसी पनडुब्बी डूबी, कई इमारतें क्षतिग्रस्त

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 04 Aug 2024 07:11 PM
यूक्रेनी हमले में रूसी पनडुब्बी डूबी, कई इमारतें क्षतिग्रस्त
ऑडियो सुनें

कीव. यूक्रेन ने लंबी दूरी के हमले तेज करते हुए पिछले 24 घंटे में रूस की एक पनडुब्बी को डुबो दिया और उसकी एक हवाई पट्टी को निशाना बनाते हुए कई इमारतों को क्षतिग्रस्त कर दिया जिससे एक महिला की मौत हो गई. अधिकारियों ने यह जानकारी दी.  रूस ने कहा कि यूक्रेनी ड्रोन ने एक अपार्टमेंट इमारत पर भी हमला किया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई. जुलाई के बाद से हमलों में बढ़ोतरी तब हुई है जब यूक्रेन अपने सहयोगियों पर रूसी ठिकानों पर हमला करने के लिए लंबी दूरी की मिसाइलों का उपयोग करने की अनुमति देने का दबाव बना रहा है. पश्चिमी सहयोगियों, विशेष रूप से अमेरिका, ने मॉस्को से तनाव बढ़ने के डर से अब तक अनुमति देने का विरोध किया है.

जनरल स्टाफ की ओर से शनिवार को जारी एक बयान के अनुसार, यूक्रेन ने मॉस्को के कब्जे वाले क्रीमिया प्रायद्वीप में एक रूसी किलो श्रेणी की पनडुब्बी और एक एस-400 विमान भेदी मिसाइल परिसर पर हमला किया. रूसी सेना को आपूर्ति करने वाले एक महत्वपूर्ण रसद और परिवहन केंद्र ‘केर्च स्ट्रेट ब्रिज’ की सुरक्षा के लिए वायु रक्षा प्रणाली की स्थापना की गई थी.

बयान के मुताबिक, ‘मिसाइल फोर्स’ की कई इकाइयों के साथ ही नौसेना ने ‘ट्रायम्फ’ वायु रक्षा प्रणाली के चार लांचरों को क्षतिग्रस्त कर दिया, जबकि सेवस्तोपोल बंदरगाह पर ‘रोस्तोव-ऑन-डॉन’ (रूस के काला सागर बेड़े की एक पनडुब्बी) पर हमला करके उसे डुबो दिया.
जनरल स्टाफ ने यह भी पुष्टि की कि यूक्रेनी सेना ने रूस पर बड़े पैमाने पर ड्रोन हमले के बाद रोस्तोव क्षेत्र में मोरोजोवस्क हवाई पट्टी पर हमला किया.

गोला-बारूद के गोदामों को निशाना बनाया गया जहां हवाई हमले में इस्तेमाल होने वाले ‘निर्देशित बम’ संग्रहीत किए गए थे. बयान में कहा गया कि यह अभियान यूक्रेन की सुरक्षा सेवा, मुख्य खुफिया निदेशालय और रक्षा मंत्रालय द्वारा चलाया गया. इस बीच, बेलगोरोद के गवर्नर व्याचेस्लाव ग्लैडकोव ने कहा कि रविवार तड़के शेबेकिनो शहर में एक अपार्टमेंट इमारत पर यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक महिला की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि यूक्रेनी ड्रोन हमले में शहर की कई अन्य इमारतें भी क्षतिग्रस्त हो गईं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu