तेल अवील/जेइटा (वेस्ट बैंक). गाजा पर रविवार को इजराइल की ओर से किए गए हमले में 18 लोगों की मौत हो गई, जबकि इजराइल के तेल अवीव के उपनगर में एक फलस्तीनी नागरिक ने दो लोगों की चाकू घोंपकर हत्या कर दी. इजराइल और हमास के बीच लगभग 10 महीने से जारी युद्ध तथा बुधवार को तेहरान में हमास नेता इस्माइल हनिया और मंगलवार को बेरूत में हिजबुल्लाह कमांडर फौद शुकूर की हत्या के बाद से क्षेत्र में जारी तनाव के युद्ध में बदलने का खतरा बढ़ गया है, क्योंकि ईरान और उसके सहयोगियों ने इस हमले का करारा जवाब देने की धमकी दी है.
इजराइल की ‘मैगन डेविड एडोम’ नामक बचाव सेवा और एक निकटवर्ती अस्पताल के अनुसार फलस्तीनी आतंकी द्वारा चाकू से किए गए हमले में 70 वर्षीय एक महिला और 80 वर्षीय एक पुरुष की मौत हो गई जबकि दो अन्य व्यक्ति घायल हो गए हैं. पुलिस ने बताया कि यह हमला एक फलस्तीनी चरमपंथी द्वारा किया गया जिसे मार दिया गया. बचावर्किमयों ने बताया कि इस हमले में घायल हुए व्यक्ति तीन अलग-अलग स्थानों पर पाए गए थे जिससे यह अंदेशा लगाया जा रहा है कि हमलावर एक से अधिक थे लेकिन बाद में इस संभावना से इंकार कर दिया गया.
गाजा के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि इजराइल द्वारा रविवार को गाजा के अल-अक्सा शहीद अस्पताल परिसर के अंदर विस्थापित लोगों के लिए बने शिविर में किए गए हमले में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए. इजराइली सेना ने कहा कि उसने हमले में एक फलस्तीनी चरमपंथी को निशाना बनाया लेकिन वहां और भी धमाके हुए जो इस बात का संकेत देता है कि ”क्षेत्र में हथियार मौजूद थे.” इसके अलावा दीर अल-बलाह के पास एक घर पर हमले की अलग घटना में एक बच्ची और उसके माता-पिता की मौत हो गई.
मंत्रालय के अनुसार उत्तरी गाजा में हुए एक अन्य हमले में एक घर पूरी तरह नष्ट हो गया जिसमें कम से कम आठ लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में तीन बच्चे भी शामिल हैं. नागरिक सुरक्षा एजेंसी के अनुसार, गाजा शहर में एक वाहन पर हुए हमले में तीन अन्य लोगों की जान चली गई.
इजराइली हमले में वेस्ट बैंक में नौ चरमपंथी ढेर
इजराइल के दो हवाई हमलों में वेस्ट बैंक में शनिवार को नौ फलस्तीनी चरमपंथी मारे गए. इजराइल की सेना ने यह जानकारी दी.
इजराइली सेना ने कहा कि शनिवार सुबह उसके सैनिकों ने उत्तरी वेस्ट बैंक में तुलकरम शहर के बाहर एक ग्रामीण इलाके में एक वाहन पर हमला किया, जिसमें पांच लोग मारे गए. हमास ने सभी पांचों की पहचान समूह के सदस्यों के रूप में की है, जिनमें एक स्थानीय कमांडर भी शामिल है.
‘एसोसिएटेड प्रेस’ के एक पत्रकार और प्रत्यक्षर्दिशयों के अनुसार, यह हमला फलस्तीन के जेइटा और कफिन गांव को जोड़ने वाली सड़क पर किया गया. स्थानीय निवासी तैसर अब्दुल्ला ने कहा, ”हम घटनास्थल पर पहुंचे. वहां एक युवक का शव पड़ा दिखाई दिया. उसका आधा चेहरा गायब था.” फलस्तीन की आधिकारिक समाचार एजेंसी ‘वफ.ा’ ने कहा कि चार शव बुरी तरह से जले हुए हैं और उनकी शिनाख्त नहीं हो सकी है. इजराइली सेना ने इससे पहले शनिवार को कहा कि उसने तुलकरम क्षेत्र में इजराइली सैनिकों पर गोलीबारी की घटना के कुछ ही समय बाद चार अन्य फलस्तीनी चरमपंथियों को मार गिराया.