भाजपा ने तिहाड़ जेल के बाहर प्रदर्शन किया, केजरीवाल से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 06 Aug 2024 09:28 PM
भाजपा ने तिहाड़ जेल के बाहर प्रदर्शन किया, केजरीवाल से मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की
ऑडियो सुनें

नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कथित आबकारी नीति घोटाले पर आधारित भ्रष्टाचार के एक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की गयी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा बरकरार रखे जाने के बाद उनके (केजरीवाल के) इस्तीफे की मांग करते हुए यहां तिहाड़ जेल के बाहर प्रदर्शन किया.

प्रदर्शन के दौरान हाथों में तख्तियां लिये भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिहाड़ जेल के बाहर नारेबाजी की. केजरीवाल तिहाड़ जेल में बंद हैं.
दिल्ली उच्च न्यायालय ने सोमवार को कथित आबकारी घोटाले से संबंधित भ्रष्टाचार के एक मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा की गयी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी को बरकरार रखा था. उच्च न्यायालय ने इसी के साथ उनकी जमानत याचिका निस्तारित कर दी थी और उन्हें राहत के लिए अधीनस्थ अदालत जाने की छूट दी थी. शासन-प्रशासन के पंगु हो जाने का दावा करते हुए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि इस आदेश के बाद केजरीवाल को जेल से सरकार चलाने की हठ करने के बजाय तत्काल अपने पद से हट जाना चाहिए.

उन्होंने आरोप लगाया, ”आप सरकार का कोई भी मंत्री किसी भी मुद्दे की जिम्मेदारी लेने को तैयार नहीं है और वे अधिकारियों पर दोष मढ़ने में व्यस्त हैं. भ्रष्टाचार नई ऊंचाइयों पर पहुंच गया है और दिल्ली के लोग इस अप्रिय स्थिति में पिस रहे हैं.” केजरीवाल को सीबीआई ने 26 जून को तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था, जहां वह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज धनशोधन के एक मामले में न्यायिक हिरासत में बंद थे.

मुख्यमंत्री को ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था. उन्हें 20 जून को धनशोधन मामले में अधीनस्थ अदालत से जमानत मिल गई थी. हालांकि, उच्च न्यायालय ने अधीनस्थ अदालत के आदेश पर रोक लगा दी थी. बाद में 12 जुलाई को उच्चतम न्यायालय ने भी उन्हें धनशोधन मामले में अंतरिम जमानत दे दी थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu