नयी दिल्ली. दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी घोटाले के सिलसिले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा दर्ज भ्रष्टाचार के एक मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की न्यायिक हिरासत 20 अगस्त तक बढ़ा दी. विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए अदालत में पेश किये जाने के बाद केजरीवाल की हिरासत अवधि बढ़ा दी. अदालत इस मामले में केजरीवाल के खिलाफ सीबीआई द्वारा दायर पूरक आरोपपत्र पर 12 अगस्त को विचार कर सकती है.
न्यायाधीश ने जून में केजरीवाल को न्यायिक हिरासत में भेज दिया था और कहा था कि उनका नाम ”मुख्य साजिशकर्ताओं” में से एक के रूप में सामने आया है और जांच अभी भी जारी है. न्यायाधीश ने सीबीआई की इस आशंका पर भी गौर किया कि केजरीवाल मामले में गवाहों को प्रभावित कर सकते हैं.
केजरीवाल (55) को सीबीआई ने 26 जून को तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था, जहां वह प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा दर्ज धनशोधन के एक मामले में न्यायिक हिरासत में थे. केजरीवाल को ईडी ने 21 मार्च को गिरफ्तार किया था. उच्चतम न्यायालय ने हालांकि 12 जुलाई को ईडी मामले में केजरीवाल को अंतरिम जमानत दे दी थी, लेकिन वह इस मामले के सिलसिले में तिहाड़ जेल में बंद हैं क्योंकि उन्होंने जमानत बांड नहीं भरा है.