कोलकाता. कोलकाता के एक अस्पताल में महिला प्रशिक्षु चिकित्सक से बलात्कार और हत्या के दोषी को शीघ्र सजा देने की मांग को लेकर रविवार को तीसरे दिन भी विरोध प्रदर्शन जारी रहने से पश्चिम बंगाल में सरकारी अस्पतालों में सेवाएं प्रभावित हुईं. विभिन्न सरकारी अस्पतालों में जूनियर डॉक्टर, स्वास्थ्यकर्मी और ‘पोस्ट-ग्रेजुएट ट्रेनी’ (पीजीटी) चिकित्सक भी चिकित्सा संस्थानों में सुरक्षा की मांग कर रहे हैं. अधिकारियों ने बताया कि रविवार को उनमें से कोई भी ड्यूटी पर नहीं आया, जिससे विभिन्न अस्पतालों में मरीजों को सेवा प्रदान करने में समस्याएं आ रही हैं.
आरजी कर मेडिकल कॉलेज और अस्पताल के अंदर बलात्कार और हत्या की शिकार हुई महिला चिकित्सक का शव शुक्रवार सुबह सेमिनार रूम में मिला. उसी दिन शाम से विरोध प्रदर्शन की शुरुआत हुई. शनिवार को एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया, जो अस्पताल परिसर में अक्सर आने वाला एक बाहरी व्यक्ति था. आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के एक प्रदर्शनकारी जूनियर डॉक्टर ने कहा, ”हम चाहते हैं कि राज्य सरकार हमारी मांगों को पूरा करे और दोषियों को जल्द से जल्द सजा मिलनी चाहिए. तब तक हमारा विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा.” उन्होंने कहा कि विशेष रूप से प्रशिक्षु चिकित्सा पेशेवरों की सुरक्षा को तत्काल और प्रभावी उपायों के साथ मजबूत किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा, ”पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए सरकार को महत्वपूर्ण कदम उठाने चाहिए. यह घटना न केवल अस्पताल स्तर पर व्यवस्थागत विफलताओं का प्रतिबिंब है, बल्कि यह व्यापक सामाजिक मुद्दों की ओर भी इशारा करती है, जिन पर तत्काल ध्यान देने की आवश्यकता है.” प्रदर्शनकारी डॉक्टरों को देश के हर हिस्से से समर्थन मिल रहा है. फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफओआरडीए) ने प्रदर्शन का समर्थन करते हुए सोमवार को देशभर में अस्पतालों में चुनिंदा सेवाएं बंद रखने का आ”ान किया है. एफओआरडीए ने अपने फैसले के बारे में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को सूचित कर दिया है.
‘पश्चिम बंगाल डॉक्टर्स फोरम’ ने भी राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को पत्र लिखकर महिला चिकित्सक से बलात्कार और हत्या मामले की जांच के लिए एक निष्पक्ष जांच समिति गठित करने का अनुरोध किया है. फोरम ने राज्य के विभिन्न अस्पतालों में कार्यरत चिकित्सकों और स्वास्थ्य र्किमयों के लिए पर्याप्त सुरक्षा और दोषियों को मृत्युदंड देने की भी मांग की है.
इस बीच, राज्य स्वास्थ्य विभाग ने गतिरोध से निपटने के लिए रविवार को सभी वरिष्ठ चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द कर दी हैं. स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”स्थिति सामान्य होने तक यह आदेश जारी रहेगा.” उन्होंने कहा कि अस्पतालों के प्रमुखों को इस संबंध में आदेश जारी करने के निर्देश दिए गए हैं. सरकारी अस्पतालों में रविवार को बा’ रोगी विभाग (ओपीडी) नहीं खुले रहते. अधिकारी ने कहा, ”हमें उम्मीद है कि सोमवार से ओपीडी खुलने के कारण मरीजों की भारी भीड़ उमड़ेगी. इसीलिए सभी वरिष्ठ चिकित्सकों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं.”
सौरव गांगुली ने अस्पताल में चिकित्सक के साथ बलात्कार और हत्या की निंदा की
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कोलकाता के एक अस्पताल में एक युवा चिकित्सक के साथ बलात्कार और हत्या की रविवार को निंदा की. गांगुली ने एक कार्यक्रम के इतर पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि एक बेटी का पिता होने के नाते वह इस घटना से बहुत दुखी हैं.
उन्होंने हालांकि, कहा कि पश्चिम बंगाल और भारत को सुरक्षित माना जाता है और किसी एक घटना के आधार पर पूरी व्यवस्था पर कोई फैसला नहीं किया जाना चाहिए. गांगुली ने कहा, “यह एक जघन्य घटना है. इस तरह के अपराध के लिए कोई माफी नहीं हो सकती.” उन्होंने कहा कि प्राधिकारियों को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए. उन्होंने कहा कि हालांकि ऐसी घटनाएं कहीं भी हो सकती हैं, लेकिन यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि यह विशेष मामला एक अस्पताल के अंदर हुआ. पूर्व क्रिकेटर ने चिकित्सा प्रतिष्ठानों में मजबूत सुरक्षा उपायों का आह्वान किया.