गुना. मध्य प्रदेश के गुना जिले में रविवार को एक हवाई पट्टी पर एक निजी उड्डयन अकादमी का एक प्रशिक्षण विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से दो पायलट घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. गुना कैंट थाने के प्रभारी दिलीप राजोरिया ने बताया कि दो सीट वाला सेसना 152 विमान अपराह्न करीब डेढ़ बजे दुर्घटनाग्रस्त हो गया. उन्होंने बताया कि ऐसी आशंका है कि विमान इंजन में खराबी के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया और दुर्घटना से पहले उसने करीब 40 मिनट तक उड़ान भरी थी.
उन्होंने बताया कि विमान में सवार दो पायलट को चोट आयी हैं, लेकिन वे खतरे से बाहर हैं. उन्होंने कहा कि दोनों पायलट को यहां एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है. अधिकारी ने बताया कि यह विमान जांच और रखरखाव के लिए कुछ दिन पहले यहां लाया गया था.
उन्होंने बताया कि घायल पायलट वी. चंद्र ठाकुर और नागेश कुमार हैदराबाद के रहने वाले हैं. उन्होंने बताया कि विमानन अधिकारी विस्तृत जांच करेंगे. गुना के तहसीलदार जी.एस. बैरवा ने बताया कि शा-शिब फ्लाइंग अकादमी के प्रबंधक पराग दास ने बताया कि प्रशिक्षु विमान कुछ महीने पहले कर्नाटक के बेलगावी एविएशन एंड स्पोर्ट्स एंटरप्राइजेज से गुना लाया गया था.