विदेश सचिव मिस्री नेपाल के शीर्ष नेतृत्व से मिले; द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर हुई बातचीत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 11 Aug 2024 09:09 PM
विदेश सचिव मिस्री नेपाल के शीर्ष नेतृत्व से मिले; द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर हुई बातचीत
ऑडियो सुनें

काठमांडू. विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने रविवार को नेपाल के शीर्ष नेतृत्व से मुलाकात की और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को गति प्रदान करने के तरीकों पर चर्चा की. नेपाल के विदेश सचिव सेवा लामसाल के निमंत्रण पर दो दिवसीय यात्रा पर यहां आए मिस्री ने काठमांडू में राष्ट्रपति कार्यालय शीतलनिवास में राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल से शिष्टाचार भेंट की.

नेपाल स्थित भारतीय दूतावास ने; सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”भारतीय नेतृत्व की ओर से शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने सभी क्षेत्रों में भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की.” मिस्री ने सिंहदरबार स्थित प्रधानमंत्री के.पी शर्मा ओली के कार्यालय में उनसे भी मुलाकात की.

भारतीय दूतावास ने अन्य पोस्ट में कहा, ”विदेश सचिव ने भारत और नेपाल के सभ्यतागत, घनिष्ठ और बहुआयामी संबंधों पर जोर दिया और विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग को गति प्रदान करने के तरीकों पर चर्चा की.” इस अवसर पर विदेश सचिव सेवा लामसल भी उपस्थित रहीं.

इससे पहले दिन में, मिस्री और नेपाल के शहरी विकास मंत्रालय में सचिव मणिराम गेलल ने रविवार को संयुक्त रूप से नेपाल भाषा परिषद के नए भवन का उद्घाटन किया जिसका निर्माण भारत की ओर से भूकंप के बाद पुर्निनर्माण के लिए दी गई अनुदान राशि से किया गया है.

भारतीय दूतावास ने ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ”विदेश सचिव विक्रम मिस्री और नेपाल के शहरी विकास मंत्रालय के सचिव मणिराम गेलल ने संयुक्त रूप से काठमांडू में नेपाल भाषा परिषद के नए भवन का उद्घाटन किया, जिसे भारत की ओर से भूकंप के बाद पुर्निनर्माण के लिए दी गई अनुदान राशि से बनाया गया है.” राजधानी के नरदेवी इलाके में स्थित इमारत 2015 के भूकंप में क्षतिग्रस्त हो गई थी. नेपाली भाषा काठमांडू के जातीय नेवार समुदाय की भाषा है.

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘एक पेड़ मा के नाम’ के आह्वान को ध्यान में रखते हुए मिस्री ने भारतीय मिशन के परिसर में नीली गुलमोहर का पौधा रोपा. इससे पहले यहां पहुंचने पर मिस्री का स्वागत लामसल ने किया. काठमांडू स्थित भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”भारत के विदेश सचिव विक्रम मिस्री 11 से 12 अगस्त तक आधिकारिक यात्रा के तहत काठमांडू पहुंचे. नेपाल की विदेश सचिव सेवा लमसल ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया.”

इसने कहा, ”यह यात्रा भारत और नेपाल के बीच जारी उच्च स्तरीय वार्ता के क्रम में हो रही है और यह भारत की ‘पड़ोसी प्रथम’ नीति के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाती है.” विदेश मंत्रालय के अनुसार, दोनों देशों के विदेश सचिव नेपाल-भारत संबंधों, आपसी हितों और सहयोग से जुड़े विभिन्न मसलों पर चर्चा करेंगे.

पिछले माह ओली के नेतृत्व वाली गठबंधन सरकार के गठन के बाद भारतीय विदेश सचिव की यह पहली नेपाल यात्रा है. विदेश मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि यह भारत के विदेश सचिव की नियमित यात्रा है. मिस्री उप प्रधानमंत्री एवं शहरी विकास मंत्री प्रकाश मान सिंह, उप प्रधानमंत्री एवं वित्त मंत्री विष्णु पौडेल और गृह मंत्री रमेश लेखक से भी मुलाकात करेंगे. वह विदेश सचिव लामसल के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे और लामसल द्वारा आयोजित रात्रिभोज में शामिल होंगे. नेपाल की यात्रा समाप्त करने से पहले वह सोमवार को विदेश मंत्री आरजू राणा के साथ बैठक करेंगे.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu