असम : मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने मारी टक्कर, छह लोगों की मौत

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 12 Aug 2024 07:56 PM
असम : मंदिर जा रहे श्रद्धालुओं को ट्रक ने मारी टक्कर, छह लोगों की मौत
ऑडियो सुनें

कोकराझार. असम के कोकराझार जिले में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार ट्रक ने पहले श्रद्धालुओं और फिर दो कारों को टक्कर मार दी, जिससे छह लोगों की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने यह जानकारी दी. पुलिस ने बताया कि तेज रफ्तार ट्रक ने एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) से टकराने के बाद कचुगांव में राष्ट्रीय राजमार्ग 27 पर महामाया मंदिर के पास श्रद्धालुओं को टक्कर मार दी, जिससे पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए.

पुलिस के मुताबिक, चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया और उसने बिश्मुरी में एक अन्य कार को टक्कर मार दी, जिससे वाहन में सवार दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस के मुताबिक, बाद में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति ने अस्पताल में दम तोड़ दिया.
पुलिस ने बताया कि घटना में जान गंवाने वाले व्यक्तियों की पहचान सुकरन रॉय (20), जय रॉय (11), बप्पी घोष (21), बासुदेव रॉय (22) और नभ घोष (26) के रूप में की गई है, जो हातीगढ. गांव संख्या एक के निवासी थे. इसके अलावा छठे मृतक की पहचान नबन घोष के रूप में की गयी है.

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि घायलों को एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनकी हालत गंभीर बताई गई है. उन्होंने बताया कि ट्रक चालक और उसके सहायक को गिरफ्तार कर लिया गया है. पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है.
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu