यूक्रेनी सैनिकों ने रूस के दो महत्वपूर्ण पुलों पर किया हमला

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 18 Aug 2024 09:06 PM
यूक्रेनी सैनिकों ने रूस के दो महत्वपूर्ण पुलों पर किया हमला
ऑडियो सुनें

कीव. यूक्रेन ने रूस के कुर्स्क क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पुल को नष्ट कर दिया है तथा पास में ही स्थित एक और पुल पर हमला किया है.
यह हमला सीमा पार से की गई घुसपैठ के दो सप्ताह से भी कम समय में हुआ है. इस हमले से रूसी आपूर्ति मार्ग बाधित हो गया है.
रूस के क्रेमलिन समर्थक सैन्य ‘ब्लॉगर्स’ ने स्वीकार किया है कि ग्लुशकोवो शहर के पास सेइम नदी पर बने पहले पुल के नष्ट होने से यूक्रेन के आक्रमण को रोकने वाले रूसी बलों को आपूर्ति बाधित होगी, हालांकि मॉस्को अभी भी क्षेत्र में छोटे पुलों का इस्तेमाल कर सकता है.

यूक्रेन की वायुसेना के प्रमुख लेफ्टिनेंट मायकोला ओलेशचुक ने शुक्रवार को यूक्रेनी हवाई हमले का एक वीडियो जारी किया, जिसमें पुल दो हिस्सों में बंट गया. ओलेशचुक और रूस के क्षेत्रीय गवर्नर अलेक्सई स्मिरनोव के अनुसार, दो दिन से भी कम समय बाद यूक्रेनी सैनिकों ने रूस में एक दूसरे पुल पर हमला किया. रविवार सुबह तक इस बात की कोई आधिकारिक सूचना नहीं थी कि दूसरे पुल पर हमला वास्तव में कहां हुआ.

रूसी टेलीग्राम चैनलों ने दावा किया कि ज्वानोए गांव में सेइम नदी पर बने दूसरे पुल पर हमला हुआ है. रूस की ‘मैश’ समाचार साइट के अनुसार हमलों के बाद क्षेत्र में केवल एक पुल ही बचा है. ‘एसोसिएटेड प्रेस’ ने इन दावों की तत्काल पुष्टि नहीं की है. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार देर रात कीव के सहयोगियों से रूस के कुर्स्क समेत आंतरिक इलाकों में लक्ष्यों पर हमला करने के लिए पश्चिमी हथियारों के इस्तेमाल पर प्रतिबंधों को हटाने का आग्रह किया.

जेलेंस्की ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ”यह महत्वपूर्ण है कि हमारे साझेदार उन बाधाओं को दूर करें जो हमें इस युद्ध की मांग के अनुसार रूसी स्थिति को कमजोर करने से रोक रही हैं….हमारे सैनिकों की बहादुरी और हमारी लड़ाकू ब्रिगेड का लचीलापन हमारे साझेदारों की ओर से आवश्यक निर्णय न ले पाने की कमी को पूरा करता है.”

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu