सावन के अंतिम सोमवार पर शिव मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Mon, 19 Aug 2024 09:15 PM
सावन के अंतिम सोमवार पर शिव मंदिरों में उमड़े श्रद्धालु
ऑडियो सुनें

वाराणसी/लखनऊ. सावन के पांचवें और अंतिम सोमवार को पूरे प्रदेश में शिव मंदिरों के बाहर भक्तों की लंबी-लंबी कतारें देखी गईं. वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर को भक्तों के लिए सजाया गया था जहां सूर्योदय से पहले ही श्रद्धालु कतारों में लगने लगे थे.
श्री काशी विश्वनाथ मंदिर प्रशासन ने बताया कि सुबह नौ बजे तक करीब एक लाख श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किये. सावन के अंतिम सोमवार पर बाबा के दरबार में आने वाले श्रद्धालुओं का पुष्प वर्षा करके स्वागत किया गया.

मंदिर प्रशासन ने बताया कि रविवार रात से ही बाबा के दर्शन के लिए भक्तों की लंबी-लंबी कतारें लगनी शुरू हो गयी थीं और यह क्रम अभी तक जारी है. मंदिर प्रशासन ने बताया कि सावन के अंतिम सोमवार पर काशी विश्वनाथ मंदिर में बाबा का झूला श्रृंगार किया गया.

लखनऊ के मनकामेश्वर मंदिर में भी भक्त जल चढ़ाने के लिए कतारबद्ध होकर अपनी-अपनी बारी आने का इंतजार करते दिखे.
कमल कांत शर्मा ने सुबह मनकामेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद कहा, ”सावन के सभी सोमवार शुभ माने जाते हैं, लेकिन यह सोमवार सावन महीने का आखिरी सोमवार होने के कारण विशेष महत्व रखता है. हम यहां भगवान से आशीर्वाद लेने आए हैं.”

प्रयागराज, बरेली और अन्य जिलों में भी शिव मंदिरों के बाहर इसी तरह की कतारें देखी गईं. उप्र के हर जिले का स्थानीय प्रशासन सतर्क दिखा. मंदिरों में भक्तों की भीड़ को प्रबंधित करने और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu