खाने-पीने की चीजों में थूकने और पेशाब मिलाने वालों के हाथ-पैर तोड़ देने चाहिये : पूर्व भाजपा विधायक

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Thu, 26 Sep 2024 08:38 PM
खाने-पीने की चीजों में थूकने और पेशाब मिलाने वालों के हाथ-पैर तोड़ देने चाहिये : पूर्व भाजपा विधायक
ऑडियो सुनें

मुजफ्फरनगर. मुजफ्फरनगर की खतौली सीट से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व विधायक विक्रम सैनी ने खाने-पीने की चीजों में थूक और मानव अपशिष्ट मिलाने वालों के ‘हाथ-पैर तोड़ने’ की वकालत करते हुए कहा कि ऐसे लोगों की वजह से हिंदू और मुसलमान दोनों का ही धर्म भ्रष्ट होता है.

सैनी ने हाल ही में कुछ होटलों में रोटियों पर थूके जाने की घटनाओं के बारे में बुधवार को संवाददाताओं द्वारा पूछे गये सवाल पर कहा, ”हम भी वीडियो देख रहे हैं, आप भी देख रहे हैं. कोई थूक रहा है, कोई पेशाब डाल रहा है. उनके खिलाफ बहुत सख्त कार्रवाई होनी चाहिए. लट्ठ बजाना चाहिए, हाथ पैर तोड़ देने चाहिए, जेल में डाल देना चाहिए क्योंकि यह ईमान भ्रष्ट कर रहे हैं.” उन्होंने कहा, ”उस जूस को, जिसमें यूरिन डालते हैं या थूकते हैं उसको हिंदू भी पीते हैं, मुसलमान भी पीते हैं तो सभी का ईमान धर्म भ्रष्ट हो रहा है. ऐसे लोगों की जो तरफदारी कर रहा है वह गलत बात है.” सैनी की यह टिप्पणी इस महीने की शुरुआत में गाजियाबाद जिले में दो लोगों द्वारा फलों के जूस में कथित तौर पर मूत्र मिलाने और सहारनपुर तथा बागपत में कथित तौर पर थूक लगाकर रोटी सेंकने के मामले सामने आने के बाद आयी है.

पूर्व विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस फैसले का स्वागत भी किया जिसमें उन्होंने होटल, ढाबों और रेस्त्रां पर दुकान मालिकों के लिए, उनकी इकाइयों में उनके नाम प्रर्दिशत करना अनिवार्य कर दिया है. मुख्यमंत्री ने प्रदेश में खाने-पीने की चीजों में कथित रूप से थूकने और मूत्र मिलाने की घटनाओं का संज्ञान लेते हुए पिछले मंगलवार को निर्देश दिये थे कि सभी ढाबों, होटल और रेस्त्रां पर उनके संचालकों, मालिकों और प्रबंधकों के नाम और पते अनिवार्य रूप से प्रर्दिशत किये जाएं. गौरतलब है कि विक्रम सैनी को 2013 के मुजफ्फरनगर दंगों के मामले में दोषी ठहराए जाने के कारण पिछले साल विधायक पद के अयोग्य घोषित कर दिया गया था.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu