इंदौर की चाट-चौपाटी पर अश्लीलता फैलाने के आरोप में युवती के खिलाफ मामला दर्ज

Author: Nandkishoryadav
UPDATED: Fri, 27 Sep 2024 04:37 PM
इंदौर की चाट-चौपाटी पर अश्लीलता फैलाने के आरोप में युवती के खिलाफ मामला दर्ज
ऑडियो सुनें

इंदौर: इंदौर की एक मशहूर चाट-चौपाटी पर एक युवती के छोटे कपड़ों में घूमने से मचे बवाल के बाद पुलिस ने उसके खिलाफ सार्वजनिक स्थल पर अश्लीलता फैलाने के आरोप में शुक्रवार को मामला दर्ज किया। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी।

तुकोगंज पुलिस थाने के प्रभारी जितेंद्र ंिसह यादव ने बताया कि 56 दुकान चाट-चौपाटी पर हाल ही में कम कपड़ों में घूमती नजर आई युवती पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296 (सार्वजनिक स्थान पर अश्लीलता फैलाना) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

उन्होंने बताया कि महिलाओं की कुछ स्थानीय संस्थाओं के साथ ही अलग-अलग सामाजिक और सांस्कृतिक संगठनों ने युवती के इस कृत्य के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। यादव ने बताया, ‘‘हमने इन संगठनों के लोगों के बयान भी दर्ज किए हैं। उनका कहना है कि सार्वजनिक स्थल पर युवती के छोटे कपड़ों में घूमने से अश्लीलता फैली जिससे उनके मन में क्षोभ उत्पन्न हुआ।’’

युवती शहर की 56 दुकान के साथ ही मेघदूत चाट-चौपाटी पर भी कम कपड़ों में घूमती नजर आई थी। उसने इसके वीडियो ‘‘पब्लिक रिएक्शन’’ के शीर्षक से खुद सोशल मीडिया पर डाले थे। इन वीडियो के तेजी से प्रसारित होने पर सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी, बजरंग दल और अन्य संगठनों के नेताओं ने पुलिस से युवती के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। विवाद बढ़ने पर युवती ने माफी मांगते हुए ये वीडियो अपने सोशल मीडिया खातों से हटा लिए थे। हिन्दी बोलने वाली भारतवंशी युवती ने सोशल मीडिया पर दावा किया था कि वह संयुक्त अरब अमीरात के दुबई शहर में रहती है।

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Nandkishoryadav