हिज्बुल्ला ने हाल के दिनों में इजराइली हमलों में सातवें शीर्ष कमांडर के मारे जाने की पुष्टि की

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Sun, 29 Sep 2024 09:55 PM
हिज्बुल्ला ने हाल के दिनों में इजराइली हमलों में सातवें शीर्ष कमांडर के मारे जाने की पुष्टि की
ऑडियो सुनें

यरूशलम/बीजिंग. इजराइल की सेना ने रविवार को कहा कि उसने हवाई हमले में हिज्बुल्ला के एक और प्रमुख सदस्य को मार गिराया है. इससे पहले, शुक्रवार को बेरूत में समूह का प्रमुख नेता हसन नसरल्ला भी मारा गया था. सेना ने कहा कि उसने शनिवार को हवाई हमले में हिज्बुल्ला की सेंट्रल काउंसिल के उप प्रमुख नबील कौक को मार गिराया. हिज्बुल्ला ने उसकी मौत की पुष्टि की है. वह एक सप्ताह से भी कम समय में इजराइली हमलों में मारा गया हिज्बुल्ला का सातवां शीर्ष सदस्य है.

इजराइली सेना ने कहा कि उसने रविवार को बेरूत पर एक और लक्षित हमला किया, जिसका विवरण बाद में दिया जाएगा. इससे पहले हिज्बुल्ला ने पुष्टि की थी कि उसके एक शीर्ष कमांडर अली कराकी की इजराइली हवाई हमले में मौत हो गई. इजराइली सेना ने पहले कहा था कि कराकी की मौत हवाई हमले में हुई. इजराइल का कहना है कि हमले में कम से कम हिज्बुल्ला के 20 अन्य आतंकवादी मारे गए, जिनमें नसरल्ला के दो करीबी सहयोगी भी शामिल हैं.

लेबनान के विभिन्न हिस्सों में हजारों पेजर और वॉकी-टॉकी में धमाके कर मुख्य रूप से हिज्बुल्ला के सदस्यों को निशाना बनाया गया है. हिज्बुल्ला ने उत्तरी इजराइल में सैकड़ों रॉकेट और मिसाइले दागना जारी रखा है, लेकिन उनमें से ज्यादातर को हवा में ही नष्ट कर दिया गया या वे खुले क्षेत्रों में गिर गए. कौक 1980 के दशक से ही हिज्बुल्ला का शीर्ष सदस्य था और इससे पहले दक्षिणी लेबनान में हिज्बुल्ला के सैन्य कमांडर के रूप में काम कर चुका था. अमेरिका ने 2020 में उसके खिलाफ प्रतिबंधों की घोषणा की थी.

लेबनान के स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार, लेबनान के बड़े हिस्से में इजराइली हवाई हमलों में दो सप्ताह से भी कम समय में कम से कम 1,030 लोग मारे गए हैं जिनमें 156 महिलाएं और 87 बच्चे शामिल हैं. लेबनान में हाल में हुए हमलों के कारण लाखों लोग अपने घरों से बेघर हो गए हैं.

पर्यावरण मंत्री नासिर यासीन ने ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को बताया कि सरकार का अनुमान है कि लगभग 2,50,000 लोग आश्रय गृहों में हैं तथा तीन से चार गुना अधिक लोग अपने मित्रों या रिश्तेदारों के साथ रह रहे हैं या सड़कों पर डेरा डाले हुए हैं. इस बीच व्हाइट हाउस के राष्ट्रीय सुरक्षा प्रवक्ता जॉन किर्बी ने रविवार को कहा कि इजराइल के हवाई हमलों में हिज्बुल्ला के कमांड ढांचे को ”नष्ट” कर दिया गया है लेकिन उन्होंने चेतावनी दी कि समूह इसे फिर से बनाने के लिए तेजी से काम करेगा.

नसरल्ला की मौत के बाद चीन ने सभी पक्षों, खासकर इजराइल से तनाव घटाने की अपील की
इजराइली बमबारी में ईरान सर्मिथत हिजबुल्ला नेता हसन नसरल्ला की मौत के बाद, चीन ने रविवार को ”संबंधित पक्षों खासकर इजराइल” से पश्चिम एशिया में संघर्ष को अनियंत्रित होने से रोकने के लिए तनाव घटाने के वास्ते तुरंत कार्रवाई करने का आह्वान किया.

चीन के विदेश मंत्रालय के एक बयान में कहा गया है, ”चीन इस घटना पर करीबी नजर रख रहा है और क्षेत्र में तनाव बढ.ने से काफी चिंतित है.” इसके अलावा चीन ने भी एक सलाह जारी करके अपने नागरिकों से संघर्ष तेज होने के कारण लेबनान की यात्रा न करने के लिए कहा है.

विदेश मंत्रालय के बयान में कहा गया, ”चीन, लेबनान की संप्रभुता और सुरक्षा के उल्लंघन का विरोध करता है, निर्दोष नागरिकों के खिलाफ किसी भी कार्रवाई का विरोध और निंदा करता है और ऐसे किसी भी कदम का विरोध करता है जो शत्रुता को बढ.ावा देता है और क्षेत्रीय तनाव बढ.ाता है.” बयान के अनुसार, नसरल्ला की हत्या का सीधे तौर पर जिक्र किए बिना चीन ने संबंधित पक्षों विशेष रूप से इजराइल से स्थिति को शांत करने और संघर्ष को बढ.ने या नियंत्रण से बाहर होने से रोकने के लिए तुरंत कार्रवाई करने का आग्रह करता है.

नसरल्ला की मौत को उसके मुख्य समर्थक ईरान के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है. तेहरान से प्राप्त खबरों के मुताबिक, ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने कहा कि नसरल्ला की मौत का बदला लिया जाएगा. फिलहाल खामेनेई को सुरक्षित स्थान पर भेज दिया गया है. खामेनेई ने नसरल्ला की मौत के बाद पांच दिनों के सार्वजनिक शोक की घोषणा की है.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu