लंदन. ब्रिटेन की सत्तारूढ़ लेबर पार्टी की एक सांसद ने प्रधानमंत्री कीअर स्टार्मर के नेतृत्व पर तीखा हमला बोलते हुए पार्टी से इस्तीफा दे दिया. स्टार्मर के जुलाई में प्रधानमंत्री पद संभालने के बाद उनके लिए यह पहला करारा झटका है. लेबर पार्टी की ओर से केंटबरी का प्रतिनिधित्व करने वाली रोजी डफील्ड इस्तीफे के बाद अब निर्दलीय सांसद की हैसियत से हाउस ऑफ कॉमंस की सदस्य रहेगीं. डफील्ड का इस्तीफा ‘द संडे टाइम्स’ में प्रकाशित हुआ है, जिसमें उन्होंने स्टार्मर की “कठोर और अनावश्यक” नीतियों को लेकर उनपर हमला बोला. डफील्ड ने दावा किया कि उनके इस्तीफे की कई वजह हैं, लेकिन मुख्य कारण सरकार की अलोकप्रिय नीतियां हैं.
डफील्ड ने अपने त्यागपत्र में कहा, “वे (नीतियां) कठोर व अनावश्यक हैं और हमारे हजारों सबसे गरीब, सबसे कमजोर मतदाताओं को प्रभावित करती हैं. मुझे इसके लिए नहीं चुना गया था. यह समझदारी भरी राजनीति भी नहीं है. यह निश्चित रूप से ‘सेवा भाव की राजनीति’ नहीं है.” सांसद ने कहा कि उन्हें लेबर पार्टी के प्रधानमंत्री की “तथाकथित परिवर्तन” लाने की प्रतिबद्धता पर कोई भरोसा नहीं है, जिसका वादा उन्होंने आम चुनाव अभियान के दौरान किया था. उन्होंने कहा कि वह अपने “मतदाताओं की आंखों में आंखें डालकर उन्हें यह नहीं बता सकतीं कि थोड़ा भी परिवर्तन हुआ है.”