इजराइल ने लेबनान के कई समुदायों से क्षेत्र छोड़ने का किया आह्वान

Author: Yogesh Kumar Sahu
UPDATED: Tue, 01 Oct 2024 07:59 PM
इजराइल ने लेबनान के कई समुदायों से क्षेत्र छोड़ने का किया आह्वान
ऑडियो सुनें

यरूशलम. इजराइल की सेना ने सीमा के निकट लेबनान के लगभग 24 समुदायों को वहां से चले जाने की चेतावनी दी है. इजराइल द्वारा दक्षिणी लेबनान में सेना भेजने के कुछ घंटों बाद मंगलवार को यह चेतावनी दी गई. इजराइल ने कहा कि उसके सैनिक लेबनान में घुस गये और हिजबुल्ला के लड़ाकों और बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के लिए छापेमारी की. इस बीच हिजबुल्ला ने इजराइल की सेना के लेबनान में घुसने की खबरों को खारिज किया है.

इसने कहा यदि वे सीमा पार करते हैं तो उसके (हिजबुल्ला) लड़ाके ”आमने-सामने की लड़ाई” के लिए तैयार हैं. इजराइल की सेना के प्रवक्ता द्वारा सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट किये गये आदेश में दक्षिणी लेबनान के लगभग 24 समुदायों का जिक्र किया गया है और लोगों को सीमा से लगभग 60 किलोमीटर (36 मील) दूर, अवाली नदी के उत्तर में चले जाने को कहा गया है. इजराइल की सेना ने हिजबुल्ला के रॉकेट हमले के मद्देनजर सार्वजनिक सभाओं को लेकर नये प्रतिबंधों की घोषणा की और समुद्र तटों को बंद कर दिया.
हिजबुल्ला ने आज मध्य इजराइल में मध्यम दूरी के रॉकेट दागे, जिससे एक व्यक्ति घायल हो गया. इजराइल ने एक बड़े अभियान की योजना के तहत लेबनान की सीमा पर छोटे और सटीक हमले किए हैं.

पिछले 10 दिन में इजराइली हमलों में हिजबुल्ला के शीर्ष सदस्य हसन नसरल्ला और छह शीर्ष कमांडर मारे गए हैं. वहीं, सेना का कहना है कि लेबनान के बड़े हिस्से में हजारों आतंकवादी ठिकानों को निशाना बनाया गया है. ‘एसोसिएटेड प्रेस’ के एक पत्रकार ने सीमा के निकट बख्तरबंद ट्रकों में इजराइली सैनिकों की मौजूदगी को देखा, लेकिन वे इस बात की पुष्टि नहीं कर सके कि सेना लेबनान में घुस गई है.

न तो लेबनानी सेना और न ही संयुक्त राष्ट्र शांति सेना ने इस बात की पुष्टि की है कि इजराइली सेना लेबनान में घुस गई है.
इजराइल द्वारा जमीनी स्तर पर अपना सैन्य अभियान शुरू करने की घोषणा के बाद अपने पहले बयान में हिजबुल्ला के प्रवक्ता मोहम्मद अफीफी ने कहा कि इजराइल की सेना के लेबनान में घुसने की खबरें ह्लझूठे दावेह्व हैं. उन्होंने कहा कि हिजबुल्ला के लड़ाके उन दुश्मन ताकतों के साथ आमने-सामने की लड़ाई के लिए तैयार हैं जो लेबनान में घुसने की हिम्मत करते हैं या ऐसा करने की कोशिश करते हैं.

इजराइली सेना के शीर्ष प्रवक्ता रियर एडमिरल डैनियल हगारी ने दावा किया कि सैनिक दक्षिणी लेबनान में हिजबुल्ला के ठिकानों पर छापेमारी कर रहे हैं ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि इजराइल के नागरिक उत्तर में अपने घरों को लौट सकें. बाद में एक प्रेस वार्ता में उन्होंने कहा कि इजराइल ने लेबनान में कई छोटे जमीनी अभियान चलाये हैं.

उन्होंने कहा कि इजराइल की सेना ने सूचना एकत्र करने और सुरंगों और शस्त्रागारों समेत हिजबुल्ला के बुनियादी ढांचे को नष्ट करने के लिए सीमा पार की थी. उन्होंने ऐसी तस्वीरें दिखाईं जिनमें दक्षिणी लेबनान में घरों के अंदर इजराइल के सैनिकों को दिखाया गया था. इन दावों की हालांकि तुरंत पुष्टि नहीं हो सकी है. इजराइली तोपखाना इकाइयों ने रातभर दक्षिणी लेबनान में लक्ष्यों पर बमबारी की और पूरे बेरूत में हवाई हमलों की आवाजें सुनी गईं.

इजराइल के सैन्य अधिकारी ने कहा कि हिजबुल्ला ने मध्य इजराइल पर रॉकेट दागे जिससे हवाई हमले के सायरन बजने लगे और 50 वर्षीय एक व्यक्ति घायल हो गया. हिजबुल्ला ने कहा कि उसने तेल अवीव के निकट दो इजराइली खुफिया एजेंसियों के मुख्यालयों पर एक नई तरह की मध्यम दूरी की मिसाइल दागी. हिजबुल्ला के प्रवक्ता अफीफी ने कहा कि मंगलवार को हिजबुल्ला द्वारा मध्य इजराइल की ओर मध्यम दूरी की मिसाइलें दागना ”केवल शुरुआत है”. स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार पिछले दो सप्ताह में इजराइली हमलों में लेबनान में 1,000 से अधिक लोग मारे गए हैं जिनमें से लगभग एक चौथाई महिलाएं और बच्चे शामिल हैं. लाखों लोग अपने घर छोड़कर चले गए हैं.

इजराइली हमले के बीच दक्षिण लेबनान में ही रहेंगे यूएनआईएफआईएल के भारतीय सैनिक

‘लेबनान में संयुक्त राष्ट्र अंतरिम बल’ (यूएनआईएफआईएल) में शामिल भारतीय दल क्षेत्र में बढ़ते तनाव के बीच पड़ोसी देश लेबनान में प्रवेश करने के इजराइल के फैसले के मद्देनजर वहीं रहेगा और अपने कर्तव्यों का पालन करेगा. दक्षिण लेबनान में ‘यूएनआईएफआईएल’ के एक सूत्र ने मंगलवार को फोन पर ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ”नौ सौ से अधिक लोगों की (भारतीय) बटालियन अपनी तैनाती वाली स्थिति पर कायम है और सभी (सैनिक) सुरक्षित हैं.” इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) ने मंगलवार तड़के कहा कि उसने कई घंटे पहले दक्षिण लेबनान में ‘लक्षित और सीमित’ घुसपैठ की थी, जिसमें सीमा पर कई लेबनानी गांवों में हिजबुल्ला के ठिकानों और बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था, जो ‘ब्लू लाइन’ (विभाजन रेखा) के दूसरी तरफ स्थित इजराइली शहरों के लिए खतरा हैं.

आईडीएफ ने कहा कि दक्षिणी लेबनान के अंदर काम कर रहे जमीनी सैनिकों को हवाई और तोपखाना बलों द्वारा सहायता प्रदान की जा रही है. माना जाता है कि इजराइल का अभियान यूएनएससी संकल्प 1701 के अनुरूप हिजबुल्ला को उत्तर की ओर धकेलने के उद्देश्य से है, जिसके लिए लिटानी नदी के दक्षिण में एकमात्र सशस्त्र बल के तौर पर लेबनानी सेना और संयुक्त राष्ट्र शांति सैनिक तैनात रह सकते हैं. यूएनआईएफआईएल में लगभग 10,500 शांति सैनिक हैं, जो भारत सहित करीब 50 देशों के हैं.

Breaking news. hindi news. Navabharat News. Latest news, in-depth analysis and opinion.
नवभारत न्यूज : छत्तीसगढ़, असम, ओडिशा, देश, दुनिया और राज्यों की खबरों का विश्वसनीय मंच.

लेखक के बारे में
By Yogesh Kumar Sahu